



सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय
बीकानेर // जिला कलेक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में 20 साल पुराने ऑटो को सीज करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा मुख्य मार्गों पर स्पीड ब्रेकर बनाने तथा मुख्य मार्ग पर रोड कट बंद करने व वैष्णो देवी धाम व खाटू श्याम धाम पर पार्किंग व्यवस्था करने के भी सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में आईरैड डीआरएम महेश कुमार शर्मा ने बताया कि जयपुर रोड पर कट बंद करने से दुर्घटनाओं में कमी आई है। लेकिन बीकानेर में पिछले चार सालों में एक्सीडेंट की संख्या और मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिले में 2021, 22, 23 और 24 में दुर्घटनाओं की संख्या क्रमश: 435, 499, 569, 584 और मरने वालों की संख्या क्रमश: 338, 369, 360, 389 रही है। साथ ही बताया कि जिले में सर्वाधिक दुर्घटनाएं श्रीडूंगरगढ़ में और मरने वालों की संख्या भी सर्वाधिक श्री डूगंरगढ़ में रही है। उसके बाद नोखा है। शाम 6-9 बजे के बीच सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती है। जिला कलेक्टर ने बसों और ट्रकों पर लगी एक्सट्रा हैड लाइट को हटाने को लेकर परिवहन विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये थ्री व्हीलर सड़को से हटेंगे
बैठक में जिला कलेक्टर ने डीटीओ और पुलिस अधिकारियों से कहा कि शहर में 20 साल से पुराने चल रहे ऑटो को सीज करने की कार्रवाई की जाए। लेकिन कार्रवाई शुरू करने से पहले अभियान चलाकर इसकी जानकारी दी जाए। डीटीओ श्रीमती भारती नथानी ने बताया कि शहर में कुल करीब 7 हजार ऑटो का रजिस्ट्रेशन है। इनमें जो 20 साल पुराने हैं उनको सड़को पर चलने नही देंगे। ऐसा पाया गया तो उसे सीज करेंगे। जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनएच-11 और एनएच-62 को कनेक्ट करने वाली जितनी भी सड़क हैं जो विभिन्न गांवों से आकर एनएच को कनेक्ट करती है। उन पर एनएच कनेक्ट होने से थोड़ा पहले स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। ताकि एक्सीडेंट में कमी आए। बीडीए की सीमा तक ये कार्य तत्काल शुरू किया जाए।
जयपुर रोड़ पर खाटूश्याम मंदिर और वैष्णों धाम के पास बनेगी पार्किंग
बैठक में जिला कलेक्टर ने बीडीए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जयपुर रोड़ पर खाटूश्याम मंंदिर और वैष्णों धाम मंदिर के पास पार्किंग स्थल चिन्हित कर पैड पार्किंग शुरू की जाए ताकि रोड़ पर वाहन खड़े ना रहे व एक्सीडेंट में और कमी आए।



