



महापौर कल्ला बोले- निगम की खराब आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाना प्राथमिकता
बीकानेर // आगामी दीपावली एवं त्योहारी सीजन को देखते हुए नगर निगम ने शहर की सफाई, सड़कों और अन्य नगरीय व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। महापौर अनिल कल्ला ने गुरुवार को निगम आयुक्त सहित निगम के उच्च अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर अधिकारियों को दीपावली से पहले 10 दिवसीय विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसे प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में महापौर अनिल कल्ला ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर में सफाई, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जाए। अधिकारियों को अपने-अपने विभागों में लंबित समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने भी अपने विभागों की वर्तमान स्थिति से महापौर को अवगत कराया।
आर्थिक स्थिति सुधारने पर जोर
महापौर ने कहा कि नगर निगम की वर्तमान वित्तीय स्थिति वित्तीय कुप्रबंधन के कारण खराब है। निगम की आर्थिक स्थिति को पटरी पर लाना जरूरी है, ताकि शहर में विकास और आवश्यक कार्य नियमित रूप से हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ शहर के विकास के लिए काम करने को कहा।
सीवरेज के बाद खुदी सड़कों पर उठे सवाल
बैठक में शहर की सड़कों की स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि सीवरेज कंपनी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज का काम पूरा करने के बाद निर्धारित शर्तों के अनुरूप सड़कों का निर्माण नहीं किए जाने से शहर में अनेक स्थानों पर सड़कें खुदी हुई हैं। इससे आमजन को परेशानी हो रही है। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और त्योहारी सीजन से पहले व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
नए सफाई टेंडर की शर्तों की पालना के निर्देश
महापौर ने नए सफाई टेंडर को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ठेकेदार से टेंडर की शर्तों के अनुरूप ही कार्य करवाया जाए। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर संबंधित स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पार्षदों की शिकायतों पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में विभिन्न पार्षदों से प्राप्त शिकायतों और फीडबैक के आधार पर अलग-अलग वार्डों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पार्षदों ने महापौर के समक्ष अपने-अपने वार्डों की सफाई, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। महापौर ने अधिकारियों को इन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए।
जनप्रतिनिधियों के सम्मान में कोताही नहीं
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों के सम्मान में किसी भी प्रकार की कोताही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर काम करें तथा वार्डों से आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।



