



11 मार्च तके अनेक आयोजन होंगे
नागौर // अमृता देवी पर्यावरण नागरिक संस्थान (अपना संस्थान) व नगर परिषद, नागौर के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 11 मार्च तक हरित संगम- 2025 का आयोजन किया जा रहा है। गौ संवर्धन, पर्यावरण, स्वच्छता व जैविक कृषि से संबंधित नवाचार के इस कार्यक्रम में सह शैक्षिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिता के साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।
मेला संयोजक मोहनराम सुथार ने बताया कि सेठ किशनलाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नागौर के खेल प्रांगण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण जा संदेश देने हेतु पर्यावरण जागरूकता साइकिल यात्रा निकाली जाएगी।नागौर नगर के सभी भजन गायकों का संगम होगा जिसमें प्रख्यात भजन गायकों और राष्ट्रवादी चिंतकों का मार्गदर्शन मिलेगा।विभिन्न प्रकार की खेल स्पर्धाएं राजकीय और निजी विद्यालयों के छात्र छात्राओं के लिए आयोजित की जाएंगी। जिनमें पारंपरिक खेल अंधेल घोटा,रस्सा कस्सी, चर भर,नाहर बकरी, सतोलिया, ठिया दड़ी आदि आयोजित होंगे।
डांडिया रास व फाग उत्सव भी होगा
योग विज्ञान आधारित सत्रों में योगासन और प्राणायाम का अभ्यास भी करवाया जाएगा।रियायती दरों पर पारंपरिक घरेलू खाद्य पदार्थों के निर्माण का प्रशिक्षण और विक्रय भी किया जाएगा। इसके साथ ही डांडिया रास और फागोत्सव का आनंददायक उत्सव भी होगा। पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इस भव्य और दिव्य मेले का भूमि पूजन 05 मार्च को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोपहर सवा बारह बजे होगा।




