


डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में स्व. महेंद्र दुजारी की स्मृति में आयोजित शिविर में वैकल्पिक चिकित्सा, ऋतु परिवर्तन और मेडिटेशन योग पर होगी चर्चा
बीकानेर // माहेश्वरी समाज के उत्पत्ति दिवस महेश नवमी के उपलक्ष्य में स्थानीय डागा चौक स्थित महेश भवन में श्री माहेश्वरी महिला समिति, बीकानेर के तत्वावधान में स्वर्गीय महेंद्र दुजारी की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य एवं योग शिविर का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। शिविर का संचालन डॉ. निशा दुजारी के निर्देशन में किया जा रहा है।
महिला समिति की संरक्षिका किरण झंवर एवं सरला लोहिया ने संयुक्त रूप से बताया कि शिविर का उद्घाटन प्रमुख नाड़ी वैद्य सोहनलाल राठी ने फीता काटकर किया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं समाज बंधुओं ने स्वर्गीय महेंद्र दुजारी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर समाज प्रमुख मूलचंद राठी, श्रीराम सिंगी एवं याज्ञवल्क्य दम्मानी ने अतिथि सोहनलाल राठी का माल्यार्पण एवं उपरणा ओढ़ाकर स्वागत किया।
शिविर संचालिका डॉ. निशा दुजारी ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर के प्रथम दिन वैकल्पिक चिकित्सा पर जानकारी दी गई। 19 जून को ‘ऋतु अनुसार परिवर्तन’ विषय पर चर्चा तथा 20 जून को मेडिटेशन एवं योग पर परिचर्चा आयोजित होगी। शिविर में आने वाले रोगियों को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार एवं बचाव संबंधी जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शिविर प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें समाज का कोई भी सदस्य उपस्थित होकर स्वास्थ्य परामर्श एवं रोगों के निदान संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकता है। प्रथम दिन पंजीकरण का कार्य निशा झंवर एवं सीमा चांडक ने संभाला।
महिला समिति अध्यक्ष श्रीया देवी राठी ने बताया कि उद्घाटन सत्र में समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। इनमें मूलचंद राठी, याज्ञवल्क्य दम्मानी, सत्यनारायण राठी, श्रीराम सिंगी, पवन कुमार राठी, शशि मोहता, राजेश बिनानी, गिरिराज चांडक एवं मोहनलाल चांडक प्रमुख थे। वहीं महिला समिति की ओर से किरण झंवर, सरला लोहिया, अंजू लोहिया, लता दम्मानी, विभा बिहाणी, सीमा चांडक, अनुभा बागड़ी, मंजू दम्मानी, कंचन राठी, रेनू झंवर, सरोज राठी, मिशा झंवर एवं श्रीया राठी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहीं। उद्घाटन सत्र का संचालन पवन कुमार राठी ने किया।



