


हर ब्लॉक एवं पंचायत में होंगे कलश यात्रा एवं पीपल पूजन कार्यक्रम
नागौर // गंगा दशहरा एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून से ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ शुरू होगा। अभियान के तहत 5 जून को परम्परागत तालाबों के पूजन तथा जल स्रोतों तक कलश यात्रा का आयोजन होगा। कार्यक्रम/अभियान के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने बताया कि जिला स्तर पर इसकी शुरुआत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग व जिले के प्रभारी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी एवं प्रभारी सचिव प्रवीण गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में जड़ा तालाब पर सुबह 9 बजे से होगी। इसके साथ ही ब्लॉक स्तर पर भैरूंदा उपखंड के थाटा में भंवाल माता बांध, डेगाना के पुंदलौता में सरवाला तालाब, जायल के कठौती में अमृत सरोवर व बचीदा तालाब, खींवसर के माडपुरा में गवाई नाडी व मॉडल तालाब, मेड़ता में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेडुली में टांका निर्माण, मूंडवा के संखवास में जगमाल तालाब, गोगेलाव के अमृत सरोवर व गवाई नाडी तथा रियां बड़ी के जसवंताबाद में सियाल माता, अमृत सरोवर के पास जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ किया जाएगा। जिसमें प्रभात फेरी, कलश यात्रा, सरोवर पूजन एवं श्रमदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तुलसी के पौधों का वितरण, पीपल पूजन, आमुखीकरण कार्यशाला, प्लास्टिक का कम उपयोग करना हेतु शपथ कार्यक्रम, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान हेतु संकल्प, वंदे गंगा रैली एवं साइकिल रैली तथा विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के जिले में सफल आयोजन के लिए जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौपी है। इसके लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार को जिला प्रभारी, वाटरशेड कम डाटा सेंटर के अधीक्षण अभियंता को सहायक जिला प्रभारी, उपखंड अधिकारियों को ब्लॉक प्रभारी तथा सभी विकास अधिकारियों को सहायक ब्लॉक प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जिले में आयोजित होगी विभिन्न गतिविधियां
जिला कलक्टर पुरोहित ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में 5 जून को प्रभात फेरी, कलश यात्रा, सरोवर पूजन एवं श्रमदान सांस्कृतिक कार्यक्रम, तुलसी के पौधों का वितरण, पीपल पूजन एवं पौधरोपण, प्लास्टिक का कम उपयोग करने हेतु शपथ कार्यक्रम, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान हेतु संकल्प दिलाया जाएगा।
इसी दिन कार्यक्रम के शुभारंभ करने के बाद कलक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री द्वारा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं एवं विभागीय योजनाओं के त्वरित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु समीक्षा बैठक भी ली जाएगी।
इसके अलावा जल स्रोतों की सफाई एवं नदी, बांध, सरोवर पर दीप प्रज्वलन, महापुरूषों की प्रतिमाओं की सफाई तथा आमजन को ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ की शपथ दिलाई जाएगी। चिन्हित स्थानों पर श्रमदान भी किया जाएगा। राजीविका से जुड़ी महिलाओं द्वारा हर पंचायत में वंदे गंगा कलश यात्रा निकाली जाएगी एवं पीपल पूजन किया जाएगा।
वंदे गंगा जल सेवा होगी, पक्षियों के लिए परिंडे बांधेंगे
कार्यक्रम के जिला प्रभारी एवं जिला परिषद सीईओ रविंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत 6 जून को जल संसाधन विभाग द्वारा नहरों एवं खळियों की सफाई की जाएगी। पीएचईडी द्वारा भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड, कृषि उपज मंडी समिति सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर वंदे गंगा जल सेवा की जाएगी। इसके अलावा जल संग्रहण संरचनाओं की डी-सिल्टिंग के साथ ही पशुओं के लिए पीने का पानी एवं पक्षियों के लिए परिंडे बांधने जैसे कार्य स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा किए जाएंगे।
उच्च जलाशयों की होगी सफाई
अभियान के तहत 11 जून को हरियालो राजस्थान हेतु पूर्व तैयारी के तहत गड्ढे खोदना, जल संग्रहण संरचनाओं का अवलोकन, तुलसी के पौधों का वितरण, लव-कुश वाटिका पर कार्यक्रम, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.1 अंतर्गत पूर्ण कार्यों का अवलोकन, एमजेएसए 2.2 के अंतर्गत कार्यों को स्वीकृत करना एवं प्रारंभ करना जैसे कार्यक्रम होंगे। 12 जून को जल स्रोतों की सफाई एवं मरम्मत तथा जल स्रोतों पर दीप प्रज्वलन, डिग्गियों की सफाई, किसान चौपाल, कृषि विज्ञान केन्द्रों पर संगोष्ठी सहित अन्य कार्यक्रम होंगे।
20 जून को होगा समापन
अभियान के तहत 14 जून से 19 जून तक जल संग्रहण एवं जल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पंखवाड़े का समापन कार्यक्रम 20 जून को आयोजित होगा। इसमें ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ में सहयोग देने वाले भामाशाह, स्वयं सेवी संस्थाओं आदि का सम्मान किया जाएगा। पूरे पंखवाड़े के दौरान हरियालो राजस्थान के अंतर्गत पौधरोपण के लिए गड्ढे खोदने सहित अन्य तैयारियां भी की जाएंगी।



