शास्त्रीय संगीत एवम् सुगम संगीत का कार्यक्रम संपन्न।

आसपास

नागौर // श्री हनुमान बाग ट्रस्ट चैनार,नागौर और सरस्वती संगीत शिक्षा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम आयोजित हुआ।

ट्रस्ट के सचिव पंकज जोशी ने बताया कि 21 जून को विश्व संगीत दिवस के शुभ अवसर पर स्वर साधकों के लिए यह कार्यक्रम श्री हनुमान बाग कॉलोनी स्थित हनुमान जी महाराज के मंदिर परिसर में आयोजित हुआ।
ट्रस्ट के अध्यक्ष भीकमचंद शर्मा ने बताया कि नागौर जिले के हरिमा ग्राम के निवासी राज्य सरकार के मुख्यमंत्री पुरस्कार कला पुरोधा सम्मान से सम्मानित संगीत शिक्षक भूराराम शर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

21 जून को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चले इस कार्यक्रम का शुभारंभ पदमश्री हिम्मताराम भांभू, ट्रस्ट के अध्यक्ष भीकमचंद शर्मा और संगीतज्ञ भूराराम शर्मा ने मां शारदा के दिव्य चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

विश्व संगीत दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में शास्त्रीय गायिका चंद्रकांता शर्मा,हिमांशी स्वामी,आरती स्वामी,सरोज,लक्ष्मी नारायण सोनी,भागीरथ शर्मा,कैलाश माकड़,गोपीकृष्ण शर्मा आदि ने प्रस्तुतियां दीं। वहीं तबले पर राकेश गोरमात, प्रीतम भट्ट और लक्ष्मीकांत झा ने संगत की।

कार्यक्रम के अंत में श्री हनुमान बाग ट्रस्ट चैनार नागौर द्वारा सभी कलाकारों को कला साधक सम्मान देकर उत्साहवर्धित किया गया। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष अनंतराम अग्रवाल ने बालिका कलाकारों को नकद पुरस्कार प्रदान कर हौंसला बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन आकाशवाणी नागौर के सूत्रधार शरद कुमार जोशी ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के मंत्री पुरुषोत्तम कुमार जोशी, रामविलास रूनवाल, पुजारी रामनिवास,कार्यालय प्रभारी विनोद आदि उपस्थित थे।