बीकानेर में खेलों का महाकुंभ 13 से 17 जुलाई तक: 18 खेलों में 3 हजार से ज्यादा खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

आसपास

खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह, 25 जून तक करवा सकते हैं पंजीकरण

बीकानेर // मरुस्थलीय क्षेत्र के सबसे बड़े खेल महोत्सव “खेलेगा बीकानेर – बढ़ेगा बीकानेर” खेलो बीकानेर यूथ गेम्स 3.0 को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक सैकड़ो युवाओ ने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। प्रतिदिन जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार खिलाड़ी अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा रहे हैं। खेलों का यह महाकुम्भ इस बार इतिहास रचने की ओर अग्रसर है।

यह खेल महोत्सव 13 से 17 जुलाई 2026 तक बीकानेर के विभिन्न खेल मैदानों और खेल परिसरों में आयोजित होगा। पांच दिवसीय इस आयोजन में खिलाड़ी पदक जीतने और अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए पूरी तैयारी में जुटे हैं।

कार्यक्रम संयोजक रविंद्र हर्ष ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। अब तक मिले आवेदनों से स्पष्ट है कि युवाओं में खेलों के प्रति खासा उत्साह है। उन्होंने खिलाड़ियों से अंतिम समय की भीड़ से बचते हुए जल्द पंजीकरण कराने की अपील की।

सहसंयोजक अनिल जोशी ने बताया कि इस बार यूथ गेम्स में 18 विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। पंजीकरण की गति को देखते हुए तीन हजार से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि में अभी पांच दिन शेष हैं, इसलिए प्रतिभागियों की संख्या और बढ़ सकती है।

आयोजन के लिए ये टीम है सक्रिय

आयोजन समिति सदस्य ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। सभी खेलों के संचालन के लिए प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यों का विभाजन किया गया है। आयोजन में अनुभवी खेल प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि समिति में अविनाश मोदी, दीपक अग्रवाल, देवकिशन चांडक, विनोद बाफना, रामरतन धारणिया और मधु खत्री सहित कई वरिष्ठ सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

इनको सौंपी गई हैं जिम्मेदारी

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन की डायरेक्टर पूजा आचार्य ने बताया कि विभिन्न खेलों के सफल संचालन के लिए भुवनेश पुरोहित, आशीष ओझा, अनिल कुमावत, हर्षित स्वामी, राहुल खत्री, प्रीतम सेन, दीपांशु व्यास और विनय बिस्सा को अलग-अलग खेलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि खेलो बीकानेर यूथ गेम्स अब केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच देने का एक बड़ा अभियान बन चुका है।

500 से अधिक वॉलिंटियर्स रहेंगे आयोजन में

आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष 3000 से अधिक खिलाड़ी तथा 500 से अधिक ऑफिशियल्स और वालंटियर्स आयोजन से जुड़ सकते हैं। समिति का उद्देश्य बीकानेर को खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाना और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाना है। “खेलेगा बीकानेर – बढ़ेगा बीकानेर” के संकल्प के साथ आयोजित यह खेल महोत्सव इस बार खेल इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित करने की ओर बढ़ रहा है। खिलाड़ियों के उत्साह को देखते हुए आयोजन के ऐतिहासिक बनने की पूरी संभावना नजर आ रही है।