


बीकानेर। निजी सहायक द्वितीय/स्टेनोग्राफर भर्ती परीक्षा-2024 में विज्ञापित 474 पदों के विरुद्ध चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा लगभग डेढ़ गुना अभ्यर्थियों अर्थात 645 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए चयनित किया गया। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य निदेशालय, माध्यमिक शिक्षा, राजस्थान, बीकानेर द्वारा 16, 18 एवं 19 जून 2026 को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

राजस्थान स्टेट निजी सहायक संवर्ग संघ, बीकानेर ने दस्तावेज सत्यापन कार्य को सुव्यवस्थित, सौहार्दपूर्ण, सहयोगात्मक एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न कराने के लिए निदेशक, माध्यमिक शिक्षा श्री सीताराम जाट (आईएएस), अतिरिक्त निदेशक श्री शैलेन्द्र देवड़ा (आरएएस), उपनिदेशक (प्रशासन) श्रीमती वीणा सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी (नियुक्ति) श्री अरविंद व्यास, अनुभाग अधिकारी (सामान्य प्रशासन) श्री जेठू सिंह राजपुरोहित सहित समस्त दस्तावेज सत्यापन दल तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों का साधुवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
संघ ने आशा व्यक्त की कि भर्ती प्रक्रिया की आगामी कार्यवाही भी शीघ्र पूर्ण की जाएगी, ताकि अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को समयबद्ध रूप से नियुक्ति प्रदान की जा सके।
संघ द्वारा दस्तावेज सत्यापन हेतु राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों का निदेशालय परिसर में बीकानेर की आतिथ्य परंपरा के अनुरूप स्वागत किया गया। तीनों दिवस अभ्यर्थियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा दस्तावेज सत्यापन के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं एवं कमी पूर्ति संबंधी मामलों में नियमानुसार मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त, चयनित अभ्यर्थियों एवं उनके साथ आए परिजनों के लिए संघ की ओर से तीनों दिन निःशुल्क चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई। इस पहल को अभ्यर्थियों, उनके परिजनों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने सराहा। सभी आगंतुक बीकानेर एवं निदेशालय की सकारात्मक एवं स्वागतशील छवि लेकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
संघ के इस सेवा कार्य में विभिन्न विभागों के निजी सहायक संवर्ग के कार्मिकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। इनमें घनश्याम स्वामी, नरेश श्रीमाली, अर्जुन सिद्ध, दिनेश बिस्सा, विजय शंकर आचार्य, भानू गहलोत, पूनित सिंह, अशोक स्वामी, पवन गहलोत, जगदीश पुरी, ओमप्रकाश सुथार, राजेन्द्र सोनी, रेखा, खुशबू, घनश्याम कुचेरिया, आनंद देराश्री, महेश सुथार, रमेश शर्मा, खुशीराम गहलोत, राहुल गिरी, दीपक शर्मा सहित अनेक कार्मिक उपस्थित रहे।
नवचयनित अभ्यर्थियों में यश व्यास, अभिषेक पुरोहित एवं कुंजीलाल पुरोहित सहित अन्य अभ्यर्थियों ने भी स्वेच्छा से अपनी सेवाएं प्रदान कर कार्यक्रम को गरिमामय एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



