



अनेक लोगों ने जताई प्रसन्नता, बधाईयों का लगा तांता
बीकानेर // भाजपा के वरिष्ठ नेता और उद्यमी मोहन सुराणा को भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सुराणा के मनोनयन की सूचना से स्थानीय व्यापारियों और उद्यमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सुराणा को बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस दौरान सुराणा ने कहा कि इस दायित्व का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी से करेंगे। प्रदेश में उद्योगों और व्यापार के लिए सतत और सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की राजस्थान इकाई के मनोनयन की प्रक्रिया हाल ही में सम्पन्न हुई। जिसमें बीकानेर के वरिष्ठ व्यापारी व भाजपा नेता मोहन सुराणा को कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने यह नियुक्ति करते हुए सुराणा के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता पर भरोसा जताया।
मोहन सुराणा लंबे समय तक शहर जिला भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री के रूप में कार्यरत रहे हैं। राजनीति में बेहद सक्रिय हैं और लंबे समय से व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनके मनोनयन से व्यापारिक व सामाजिक संगठनों में खुशी की लहर देखी जा रही है।
नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सुराणा ने कहा कि वे व्यापारियों के हितों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे और उनकी समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने संगठन को गांव-गांव तक विस्तार देने का संकल्प लेते हुए कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी मजबूत मंच प्रदान किया जाएगा।
सुराणा ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों को कई प्रकार की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में संगठन उनकी आवाज को मजबूती से उठाएगा और समाधान के लिए प्रयास करेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मिलकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोहन सुराणा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
उल्लेखनीय है कि श्री मोहन सुराणा अपने पिता की स्मृति में एक ट्रस्ट का संचालन करते हैं। उनका ट्रस्ट सामाजिक सरोकारों के कार्य नियमित रूप से करता आया है। पार्टी की ओर से भी सुराणा को पिछले दो दशक में अनेक दायित्व मिले हैं। जिनका निर्वहन भी उन्होंने पूरी जिम्मेदारी से किया है।




