



बीकानेर // स्थानीय शिक्षण संस्थान भारतीय आदर्श विद्या मंदिर, रघुनाथसर कुआं में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने के साथ भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बोर्ड कक्षाओं के अतिरिक्त अन्य सभी कक्षाओं—अरुण, उदय, प्रभात, प्रथमा, द्वितीया, तृतीया, चतुर्थी, षष्ठी, सप्तमी एवं नवमी—का परीक्षा परिणाम जारी किया गया।
कार्यक्रम में शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले भैया-बहनों को मंच पर पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में विभिन्न श्रेणियों में भी पुरस्कार वितरित किए गए, जिनमें सर्वाधिक उपस्थिति (नियमित विद्यालय आने वाले विद्यार्थी), स्वच्छता एवं अनुशासन (विद्यालय के नियमों का पालन करने वाले छात्र) तथा खेलकूद एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों (प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी) शामिल रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य घनश्याम व्यास, व्यवस्थापक प्रबंध समिति वल्लभ पुरोहित, अध्यक्ष प्रबंध समिति नरेंद्र अग्रवाल तथा सदस्य हरिराम मौजूद रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अभिभावकों ने भी विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।




