बीकानेर में सूर्य प्रकाशन मन्दिर का 62वां स्थापना दिवस 1 अप्रैल को, साहित्य सम्मान समारोह होगा आयोजित

साहित्य

रचनाकारों को किया जाएगा सम्मानित

बीकानेर // शहर की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था सूर्य प्रकाशन मन्दिर का 62वां स्थापना दिवस 1 अप्रैल 2026 को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर संस्था द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित साहित्य सम्मान समारोह का भी भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें साहित्यकार, कवि, लेखक एवं साहित्य प्रेमी भाग लेंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न साहित्यिक विधाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले रचनाकारों को सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन साहित्य सृजन को प्रोत्साहित करने और साहित्यकारों को सम्मान देने की संस्था की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

संस्था के डॉ. प्रशांत बिस्सा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विचार गोष्ठी एवं साहित्यिक संवाद भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे साहित्यिक वातावरण को और अधिक समृद्ध बनाने का प्रयास किया जाएगा। इन सत्रों में समकालीन साहित्यिक विषयों पर गहन चर्चा होगी।
उल्लेखनीय है कि सूर्य प्रकाशन मन्दिर पिछले 62 वर्षों से साहित्य सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और देश-विदेश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों की पुस्तकों का निरंतर प्रकाशन करता आ रहा है, जिससे यह संस्था साहित्य जगत में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. गौरीशंकर प्रजापत के अनुसार यह आयोजन 1 अप्रैल 2026 को सुबह 10:30 बजे सूर्य प्रकाशन मन्दिर परिसर, डूडी पेट्रोल पंप के सामने, जैसलमेर रोड, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा।