



नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन एवं नगर स्थापना दिवस समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा यह कार्यक्रम
बीकानेर // शहर के 538वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार से तीन दिवसीय भव्य समारोह का आगाज़ होगा। बीकानेर नगर स्थापना दिवस समारोह समिति और नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन 17 से 19 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें संस्कृति, संवाद और सम्मान की त्रिवेणी बहेगी।
कार्यक्रम संयोजक रविन्द्र हर्ष ने बताया कि आयोजन को लेकर शहरवासियों में खासा उत्साह है और हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
100 से ज्यादा युवा कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
सहसंयोजक ज्योतिप्रकाश रंगा के अनुसार, इस बार 100 से अधिक युवा कलाकार कार्यक्रम से जुड़े हैं, जो अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन को रंगीन बनाएंगे। ‘बीकानेर के बढ़ते कदम’ विषय पर विशेष परिचर्चा भी होगी, जिसमें शहर के विकास, चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
सांस्कृतिक संध्या और सम्मान समारोह आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के संयोजक अनिल जोशी ने बताया कि ‘फिर गूंजेगा बीकानेर’ सांस्कृतिक संध्या आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेगी। इस दौरान स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा। साथ ही ‘बीकानेर यूथ आइकॉन अवॉर्ड’ के तहत 25 प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
5 हस्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
समारोह में पांच विशिष्ट व्यक्तियों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। इसके अलावा प्रशासन, शिक्षा, खेल, साहित्य और आईटी क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले युवाओं को भी सम्मान मिलेगा।
रंगोली, नागरिक अभिनंदन सहित कई आयोजन
तीन दिवसीय कार्यक्रम में रंगोली प्रतियोगिता, नागरिक अभिनंदन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न आयोजन भी होंगे।
ये हैं आयोजन समिति में
आयोजन समिति में राष्ट्रीय संत श्री सरजूदासजी महाराज, द्वारकाप्रसाद पचीसिया, गणेश बोथरा, ज्ञान गोस्वामी, निर्मल कामरा, श्यामसुंदर सोनी, पिन्टू राठी और भूपेंद्र मिढ्ढा शामिल हैं।




