बीकानेर से दिल्ली तक सियासी सरगर्मी: राजस्थान में लोजपा (आर) को मजबूत करने पर मंथन

राजनीति

राष्ट्रीय सचिव रमजान मुगल ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से की मुलाकात

बीकानेर // लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय सचिव रमजान मुगल ने बुधवार को दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान से अहम मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान की मौजूदा सियासी स्थिति और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान रमजान मुगल ने राजस्थान में पार्टी की गतिविधियों और कार्यक्रमों का फीडबैक देते हुए जमीनी हालात से अवगत कराया। उन्होंने संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

इसके साथ ही मुगल ने एक महत्वपूर्ण सुझाव रखते हुए कहा कि इस वर्ष पार्टी का राष्ट्रीय सम्मेलन बीकानेर में आयोजित किया जाए। उनका मानना है कि इससे न केवल राजस्थान में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि राज्य की राजनीति में भी लोजपा (आर) की मजबूत उपस्थिति दर्ज होगी।

इस मुलाकात को राजस्थान में पार्टी के भविष्य और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।