बीकानेर में भाजपा संभाग कार्यालय को मिली नई सौगात: “नमो जलपान गृह” का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

राजनीति

बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी संभाग कार्यालय बीकानेर में कार्यकर्ताओं और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए “नमो जलपान गृह” का विधिवत शुभारंभ किया गया। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया एवं शहर जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
इस अवसर पर श्याम पंचारिया ने कहा कि संगठन की बढ़ती गतिविधियों के बीच कार्यालय आने वाले कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए यह जलपान गृह एक उपयोगी पहल साबित होगा। यहां चाय-नाश्ते सहित जलपान की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय भी मजबूत होगा।
वहीं सुमन छाजेड़ ने इसे संगठनात्मक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि “नमो जलपान गृह” से कार्यालय में आने वाले सभी लोगों को सुविधा मिलेगी और यह कार्यकर्ताओं के लिए एक सशक्त मंच के रूप में कार्य करेगा।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर सिंह चारण, महामंत्री दिलीप राजपुरोहित, उपाध्यक्ष सरिता नाहटा, आईटी विभाग जिला संयोजक सुरेंद्र स्वामी, संभाग कार्यालय प्रभारी विनोद करोल, सह-प्रभारी जयकिशन उपाध्याय, मंजूषा भास्कर, रामकुमार व्यास, कार्यालय सहमंत्री महेंद्र सिंह शेखावत, सुनील रामावत और गणेश रामावत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।