भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल: अधिवक्ता गोपाल लाल हर्ष ने न्यायालय परिसर में भिजवाए 10 पानी के टैंकर

समाज

जल संकट के बीच न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आमजन को मिली बड़ी राहत

बीकानेर // शहर में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर जारी है। लगातार बढ़ते तापमान और बाधित जलापूर्ति के कारण आमजन के साथ-साथ विभिन्न सरकारी संस्थानों में भी पेयजल संकट गहराने लगा है। इसी बीच बीकानेर न्यायालय परिसर में पानी की समस्या से जूझ रहे न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं आमजन को बड़ी राहत मिली है। बीकानेर बार संघ के वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल लाल हर्ष ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए न्यायालय परिसर स्थित वाटर टैंक में अपने निजी खर्चे से 10 पानी के टैंकर भिजवाकर सराहनीय पहल की।

गर्मी के कारण न्यायालय परिसर में कार्यरत कर्मचारी, अधिवक्ता और वहां आने वाले परिवादी व आमजन पेयजल की समस्या से परेशान हो रहे थे। ऐसे समय में गोपाल लाल हर्ष द्वारा तुरंत सहयोग करते हुए पानी के टैंकर उपलब्ध करवाने से सभी को बड़ी राहत मिली। उनकी इस पहल की न्यायालय परिसर में व्यापक सराहना की जा रही है।

राजस्थान न्यायिक कर्मचारी संघ, जिला शाखा बीकानेर सहित समस्त न्यायिक कर्मचारियों ने एडवोकेट गोपाल लाल हर्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शहर में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं होने से कई स्थानों पर पानी की समस्या बनी हुई है। ऐसे हालात में न्यायालय परिसर में पानी की व्यवस्था करवाना एक मानवीय और प्रेरणादायक कदम है।
कर्मचारी प्रतिनिधियों ने बताया कि न्यायालय परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों से आते हैं। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी सभी के लिए परेशानी का कारण बन रही थी। इस स्थिति में गोपाल लाल हर्ष ने बिना किसी औपचारिकता के स्वयं आगे आकर सहयोग किया, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर गोपाल लाल हर्ष ने कहा कि समाज और न्यायालय परिवार की सेवा करना उनका दायित्व है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यदि इस प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न होती है तो वे हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उनकी इस सेवा भावना की न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं आमजन ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।