


विधायक जेठानंद व्यास के प्रयास रंग लाए, एसडीएम अस्पताल में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
बीकानेर // शहर के एसडीएम जिला अस्पताल में अब दवाओं के भंडारण और रिकॉर्ड प्रबंधन की व्यवस्था पहले से अधिक आधुनिक और व्यवस्थित होगी। राज्य सरकार ने अस्पताल में नवीन ड्रग स्टोर एवं रिकॉर्ड रूम निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है। चिकित्सा शिक्षा निदेशालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जारी इस स्वीकृति को बीकानेर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के पीछे बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास के लगातार प्रयास और अनुशंसा को अहम माना जा रहा है। विधायक व्यास लंबे समय से क्षेत्र की चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने और अस्पतालों में आधारभूत ढांचे के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों के चलते जिला अस्पताल में अब स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी आदेश के अनुसार यह राशि सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध एसडीएम जिला अस्पताल में ड्रग स्टोर और रिकॉर्ड रूम निर्माण कार्य पर खर्च की जाएगी। इसके लिए बजट का प्रावधान चिकित्सा महाविद्यालय बीकानेर के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही महाविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वर्ष 2026-27 के संशोधित प्रावधानों के अनुसार आवश्यक प्रस्ताव समय पर भेजे जाएं।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद दवाओं के सुरक्षित और सुव्यवस्थित भंडारण में काफी सुधार होगा। इसके साथ ही मरीजों से जुड़े रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में भी आसानी होगी, जिससे अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बन सकेगी। रिकॉर्ड प्रबंधन मजबूत होने से मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर शहरवासियों ने इस स्वीकृति का स्वागत किया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में एसडीएम जिला अस्पताल में मरीजों को अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकेंगी।



