मेडिकल कॉलेज परिसर में हरियाली का संकल्प, लैब टेक्नीशियन परिवार ने लगाए 200 पौधे

स्वास्थ्य

पौधरोपण कर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को किया समर्पित, पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएगी कमेटी

बीकानेर // मेडिकल कॉलेज परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में लैब टेक्नीशियन परिवार की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान परिसर में करीब 200 पौधे लगाए गए। पौधरोपण के साथ ही इन पौधों को देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेंद्र कुमार वर्मा, अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. रेखा आचार्य, पर्यावरण के नोडल अधिकारी डॉ. बी.के. बिनावरा, बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जीनगर, डॉ. अभिषेक क्वात्रा एवं डॉ. बी.एल. मीणा सहित मेडिकल कॉलेज से जुड़े चिकित्सक, अधिकारी और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
लैब टेक्नीशियन परिवार की ओर से कार्यक्रम के आयोजक सदस्यों राजेंद्र नाथ योगी, गोरेलाल मीणा, लालचंद जैदिया, राजकुमार व्यास, संतोष एवं जमना जाखड़ ने पौधरोपण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

सिर्फ पौधे लगाना नहीं, संरक्षण भी होगा

आयोजकों ने बताया कि पौधरोपण के बाद इन पौधों की देखभाल और संरक्षण के लिए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी के सदस्य प्रतिदिन पौधों की देखभाल करेंगे, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और आने वाले समय में मेडिकल कॉलेज परिसर को हरा-भरा बनाने में योगदान दें।

कार्यक्रम को सफल बनाने में डीएमएलटी विद्यार्थियों के साथ डीआरटी, ईसीजी, कैथ लैब, ओटी सहित विभिन्न पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्टाफ ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।

लैब टेक्नीशियन परिवार के सदस्य राजकुमार व्यास ने बताया कि पौधरोपण का उद्देश्य केवल परिसर में हरियाली बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों का संरक्षण अभियान लगातार जारी रखा जाएगा।