-खुशबू ने बढ़ाया बीकानेर का मान: एशियाई ट्रायल में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास*

आसपास

मंदबुद्धि होने के बावजूद नहीं मानी हार; शॉट पुट में 11.12 मीटर थ्रो कर भारत का प्रतिनिधित्व करने की ओर बढ़ाया कदम

बीकानेर // एसएमएस दिव्यांग सेवा संस्था पैरा स्पोर्ट्स बीकानेर की निशुल्क अकादमी से जुड़ी खिलाड़ी खुशबू गिल ने एशियाई ट्रायल में गोल्ड मेडल जीतकर बीकानेर का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु में आयोजित ट्रायल में खुशबू ने टी-20 कैटेगरी के शॉट पुट मुकाबले में 4 किलो का गोला 11 मीटर 12 सेंटीमीटर दूर फेंककर शानदार प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

खुशबू की इस उपलब्धि को खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि मंदबुद्धि होने के बावजूद उन्होंने अपनी कमजोरी को ही अपनी ताकत बना लिया। उनकी मेहनत, लगन और जज्बे ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।

संस्था अध्यक्ष मंजू गुलगुलिया ने बताया कि अकादमी में दिव्यांग बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण देकर खेलों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और देश का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा कि खुशबू की सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

इस सफलता के पीछे द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित कोच महावीर सैनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सैनी लगातार दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार कर रहे हैं। खुशबू की जीत से बीकानेर सहित पूरे राजस्थान में खुशी और गर्व का माहौल है।