महारानी कॉलेज में हुआ राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम का औपचारिक उद्घाटन

शिक्षा

बीकानेर // महारानी सुदर्शन कन्या महाविद्यालय में आज राजस्थान फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यातिथि प्रोफेसर दिग्विजय सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर तथा विशिष्ट अतिथि सीए सुधीश शर्मा ने फीता काटकर उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि प्रोफेसर दिग्विजय सिंह ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हमारे कौशल निर्माण में सहायक हैं। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में कौशल ही हमें आगे ले जा सकता है। प्रोफेसर सिंह ने छात्राओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सबको प्रयासपूर्वक रोजगार देने वाला बनना चाहिए, न कि रोजगार मांगने वाला।

विशिष्ट अतिथि सीए सुधीश शर्मा ने छात्राओं को स्वजीवनी के प्रेरक उद्धरणों को प्रस्तुत करते हुए बताया कि हमें हमेशा अपने कार्य को पूर्ण तल्लीनता व तसल्ली से करना चाहिए, तभी हम उन्नति कर सकते हैं। सुधीश शर्मा ने कहा कि व्यक्ति की पहचान तभी होती है, जब वह अपने कार्य के साथ अन्य सेवाभावी कार्यों के साथ समाज से जुड़े रहे।
प्राचार्य प्रोफेसर नवदीप सिंह बैंस ने फिनिशिंग स्कूल प्रोग्राम के अंतर्गत चलने वाले बीएफएसआई एवं आईटी कोर्सेज की उपयोगिता को व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा महाविद्यालय राजस्थान का अग्रणी महाविद्यालय है जिसमें विद्यार्थियों का पंजीयन उत्कृष्ट रहा है। इस हेतु प्राचार्य ने नोडल ऑफिसर डॉ संजू श्रीमाली व केंद्र पर ट्रेनिंग देने वाले सभी लोगों की भूरी भूरी प्रशंसा की।

कॉलेज के मीडिया प्रभारी प्रोफेसर उज्ज्वल गोस्वामी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि विद्यार्थी निरंतर अपने को अपने कौशल को बढ़ाने वाले पाठ्यक्रमों में सहभागिता करते हुए अपने मूल पाठ्यक्रम पर भी ध्यान केंद्रित करें। कार्यक्रम का संचालन केन्द्र मैनेजर डॉ अमित व्यास ने किया तथा आगंतुक अतिथियों को बीएफएसआई एवं आईटी कोर्सेज की जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंतर्गत अर्थशास्त्र विभाग के विभाग प्रभारी प्रोफेसर हेमेंद्र अरोड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में केंद्र मैनेजर डॉ अमित व्यास ने सभी आगंतुक अतिथियों को माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सभी का आधार व्यक्त किया।