निर्जला एकादशी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन से मिली समिति

प्रशासन

लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा, सफाई, रोशनी, पानी और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर जिला कलेक्टर, एसपी व निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

बीकानेर // श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर में 25 जून को निर्जला एकादशी के अवसर पर लगने वाले विशाल मेले की व्यवस्थाओं को लेकर श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। समिति के सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर निशांत जैन, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से भेंट कर मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

समिति ने पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि निर्जला एकादशी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दौरान महिलाओं के चैन, मोबाइल और पर्स चोरी जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं। ऐसे में मेले में प्रातः 5 बजे से पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग की गई। साथ ही 26 जून को मोहर्रम होने के कारण 25 जून की रात मंदिर के आसपास ताजियों के जुलूस निकलने और मेले में भारी भीड़ रहने की स्थिति को देखते हुए विशेष सुरक्षा और यातायात व्यवस्था करने का अनुरोध किया गया।

जिला कलेक्टर को दिए ज्ञापन में मंदिर परिसर और मेले में पुलिस व्यवस्था, देवस्थान विभाग की ओर से टेंट व्यवस्था, नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण द्वारा मंदिर व पार्क परिसर की बंद पड़ी लाइटों को ठीक करवाने की मांग की गई। इसके अलावा फव्वारों को नियमित रूप से संचालित करने तथा पानी-बिजली की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया गया।

समिति ने बीडीए और नगर निगम आयुक्त से लक्ष्मीनाथ पार्क में स्थित दोनों फव्वारों को चालू करवाने, 30 बेंच और 20 कचरा पात्र लगाने, दूब काटने की मशीन उपलब्ध करवाने तथा ओपन जिम में नई मशीनें लगाने की मांग रखी। साथ ही पार्क परिसर, मंदिर परिसर, सीढ़ियों वाले मार्ग और संतोषी माता मंदिर के पीछे विशेष सफाई अभियान चलाने का अनुरोध किया।

समिति के प्रतिनिधिमंडल ने देवस्थान विभाग की निरीक्षक सोनिया रंगा से भी मुलाकात कर निर्जला एकादशी मेले में प्रतिवर्ष की भांति सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की।

इस दौरान शिष्टमंडल में सीताराम कच्छावा, शिव प्रकाश सोनी, विनोद महात्मा, अनिल सोनी, चंद्र प्रकाश, कैलाश छींपा, अजय राठौड़, संदीप मारू, कालू वैष्णव और गौरीशंकर अग्रवाल सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।