


सुबह पूजा-अर्चना से होगा उत्सव का आगाज, शाम 5.15 बजे महेश भवन से निकलेगी शोभायात्रा
बीकानेर // माहेश्वरी समाज मंगलवार को अपना उत्पत्ति दिवस महेश नवमी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाएगा। श्री कृष्ण माहेश्वरी मंडल के बैनर तले आयोजित होने वाले इस एकदिवसीय महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद तक कई आयोजन होंगे। शोभायात्रा में आकर्षक संचेतन झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी।
मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण राठी ने बताया कि महेश नवमी माहेश्वरी समाज का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है। मान्यता के अनुसार इसी दिन भगवान महेश ने माहेश्वरी समाज की स्थापना की थी। इस बार भी बीकानेर की विभिन्न माहेश्वरी संस्थाओं के साथ पूरा समाज मिलकर उत्सव मनाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
मंडल मंत्री सुशील करनानी एवं उपाध्यक्ष किशन चांडक ने बताया कि सुबह 9 बजे मोहता मरूनायक चौक स्थित मंडल कार्यालय में भगवान महेश की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम शुरू होंगे। इसके बाद मरूनायक मंदिर में पारंपरिक रूप से कलम, दवात और तराजू का पूजन तथा विश्वकर्मा गेट के बाहर बिनानी बगीची में भगवान महेश का अभिषेक किया जाएगा।
उपमंत्री पवन कुमार राठी ने बताया कि शाम 5.15 बजे डागा चौक स्थित महेश भवन से संचेतन झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। यह डागा मोहल्ला, बिनानी चौक, तेलीवाड़ा, मोहता चौक, मूंधड़ा चौक, दम्माणी चौक, गोपीनाथ भवन, बीके स्कूल, जस्सूसर गेट और श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर होते हुए लक्ष्मी हेरिटेज पहुंचेगी।
मंडल सदस्य बसंत चांडक ने बताया कि रात्रि 8 से 10.30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसके बाद समाज बंधुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी। कार्यकारिणी सदस्य नारायण डागा ने बताया कि अधिकाधिक समाज बंधुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया के साथ डोर-टू-डोर संपर्क अभियान भी चलाया गया है।



