25 हस्तियों का होगा ‘कलमश्री’ से सम्मान, 75 मेधावियों को मिलेगा ‘टैलेंट टू सैल्यूट अवार्ड’

आसपास

स्व. खुशालचंद रंगा स्मृति समारोह शनिवार को

शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का होगा सम्मान

बीकानेर // अपने जमाने के फुटबॉलर शिक्षाविद स्व खुशालचंद रंगा की स्मृति में ‘कलमश्री अवार्ड समारोह’ शनिवार को सांय 5 बजे रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र के जिला उद्योग संघ सभागार में आयोजित होगा। समारोह में शिक्षा, साहित्य, लेखन, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 25 प्रतिभाओं को ‘कलमश्री अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। वहीं समाजहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 6 स्वयंसेवी संस्थाओं को संस्थागत श्रेणी में सम्मान प्रदान किया जाएगा।

आयोजक ज्योति प्रकाश रंगा ने बताया कि स्व. खुशालचंद रंगा का जीवन शिक्षा, खेल और पत्रकारिता के प्रति समर्पित रहा। वे बीकानेर के पुष्करणा स्कूल में लंबे समय तक प्रधानाचार्य रहे और उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। इससे पहले वे स्वयं एक अच्छे फुटबॉलर भी रहे। खेलों के प्रति उनके जुनून का ही परिणाम था कि उन्होंने बीकानेर की पहली खेल पत्रिका ‘क्रीड़ांचल’ का प्रकाशन शुरू किया, जिसने स्थानीय खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उनके परिजनों द्वारा प्रतिवर्ष ‘कलमश्री अवार्ड’ का आयोजन किया जा रहा है।

समारोह का एक प्रमुख आकर्षण ‘टैलेंट टू सैल्यूट अवार्ड’ भी रहेगा। इसके तहत राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड तथा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 75 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों, संस्थाओं और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का एक प्रेरक प्रयास है, ताकि शिक्षा, साहित्य, खेल, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में नई पीढ़ी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो।