बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप का आगाज, रोमांचक मुकाबलों के साथ दो टीमें पहुंचीं अगले दौर में

समाज

स्व. घनश्याम बिस्सा की स्मृति में आयोजित टूर्नामेंट में 16 टीमें ले रहीं हिस्सा, विजेता को ₹11 हजार का नकद पुरस्कार मिलेगा

बीकानेर // स्व. घनश्याम बिस्सा चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से स्थानीय किशन गार्डन में आयोजित बॉक्स क्रिकेट चैम्पियनशिप का रविवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में भाजपा उपाध्यक्ष दीपक पारीक, शिक्षाविद् रामजी व्यास, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष मोहन सुराणा तथा डॉ. अनिकेत शर्मा ने गेंद खेलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। किसी खिलाड़ी की स्मृति में आयोजित प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ प्रेरणा का भी माध्यम बन जाती है।

आयोजक हर्षित बिस्सा ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। पहले मैच में विकेट वॉरियर्स ने गेम चेंजर को 23 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेट वॉरियर्स ने 8 ओवर में 81 रन बनाए। मोहित व्यास को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में बीकानेर रॉयल्स ने टर्फ मास्टर्स को 8 रन से पराजित किया। इस मैच में विधुर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

तीसरे मैच में धुरंधर ने बनिया सुपर को 12 रन से हराकर जीत दर्ज की। मोहम्मद सलमान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। दिन के अंतिम मुकाबले में बीकानेर रॉयल्स ने विकेट वॉरियर्स को 5 विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मैच में अरिहंत आंचलिया मैन ऑफ द मैच रहे।

प्रतियोगिता में सभी मैच आठ-आठ ओवर के खेले जा रहे हैं, जिसमें 16 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को ₹11,000 तथा उपविजेता टीम को ₹5,100 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द मैच, बेस्ट बॉलर और सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी को भी सम्मानित किया जाएगा। मैचों में अंपायरिंग की जिम्मेदारी सुनील आचार्य एवं शशांक बोहरा ने निभाई, जबकि कॉमेंट्री देवेन्द्र पुरोहित ने की।