



पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया पहुंचे राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र
अमृत महोत्सव के तहत केंद्र को सहयोग देने वाले भामाशाहों को किया सम्मानित
बोले कटारिया – संसाधनों की कमी नहीं आने देंगे
बीकानेर। राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, गंगाशहर के 75 वर्ष पूर्ण होने पर रविवार को अमृत महोत्सव समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग देने वाले भामाशाहों का नागरिक अभिनंदन किया गया। राज्यपाल कटारिया ने इस केंद्र में पंचकर्म सेवा जल्द शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक संसाधनों की सूची उन्हें भेजी जाए। उन्होंने यथासंभव संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कटारिया ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है और आज पूरी दुनिया इसका महत्व समझ रही है। प्राकृतिक तरीके से जीवन जीने और खान-पान को संतुलित रखने से स्वास्थ्य बेहतर रह सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी रसोई में इस्तेमाल होने वाले अनेक मसाले भी स्वास्थ्यवर्धक होते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना कल के दौरान प्राकृतिक चिकित्सा कारगर सिद्ध हुई और पूरा विश्व इसे अपना रहा है। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता जताई।


75 साल की यात्रा को किया याद

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व शहर जिलाध्यक्ष विजय कुमार आचार्य ने अतिथियों का परिचय कराया और स्वागत उद्बोधन दिया। राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के सचिव बनवारी लाल शर्मा ने केंद्र के 75 वर्ष के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि देवेंद्र दत्त शर्मा और वैद्य महावीर प्रसाद शर्मा के प्रयासों से बीकानेर में प्राकृतिक चिकित्सा को संस्थागत रूप मिला। उन्होंने केंद्र की स्थापना से लेकर अब तक इसके संचालन और विकास में सहयोग देने वाले लोगों के योगदान का उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्र के उपाध्यक्ष श्रीभगवान अग्रवाल ने की। उन्होंने राज्यपाल कटारिया के आगमन के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी से समारोह की गरिमा और बढ़ी। अंत में हनुमान चांडक ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

पत्नी अनीता कटारिया के साथ पहुंचे राज्यपाल
राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया अपनी पत्नी अनीता कटारिया के साथ समारोह स्थल पहुंचे। पूर्व पार्षद रेखा अग्रवाल और प्राची शर्मा ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। अस्वस्थ होने के बावजूद राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के अध्यक्ष प्रो. वेद प्रकाश चतुर्वेदी भी पूरे कार्यक्रम में मौजूद रहे। राज्यपाल ने उनका अभिनंदन किया।
इन भामाशाहों का हुआ सम्मान
राजस्थान प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र को समय-समय पर आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों को राज्यपाल ने सम्मानित किया। इनमें अशोक मोदी, डीपी पचीसिया, भरत ठोलिया, पवन कुमार अग्रवाल, शिवकरण डेलू, कैलाश चंद्र सोनी, बसंत नौलखा तथा बीकानेर विधायक जेठानंद व्यास शामिल रहे।
ये रहे मंचस्थ
समारोह में बीकानेर विधायक जेठानंद व्यास, डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत, विश्वकर्मा कौशल बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, भाजपा देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, पूर्व भाजपा शहर अध्यक्ष विजय कुमार आचार्य सहित अन्य अतिथि मंचस्थ रहे।
ये भी रहे मौजूद
समारोह में यशपाल आहूजा, एडवोकेट तेजकरण गहलोत, एडवोकेट अविनाश चंद्र व्यास, एडवोकेट जगदीश आचार्य, राजकीय अभिभाषक राधेश्याम सेवग, संतोष कुमार व्यास, शिवकुमार व्यास, भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य, संपत पारीक, ब्रह्मदत्त आचार्य, भाजपा नेता गोपाल गहलोत, धीरज पंचारिया, सिकंदर यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



