किशनी देवी पूनमचंद मेमोरियल ट्रस्ट की पहल, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

स्वास्थ्य

विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार बोले— ऐसे शिविर अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का सशक्त माध्यम

बीकानेर // किशनी देवी पूनमचंद मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से स्वर्गीय श्रीमती किशनी देवी की स्मृति में रविवार को पूगल रोड स्थित शिव धर्मकांटा के पीछे विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श लिया तथा आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने ट्रस्ट की जनसेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ऐसे जनहितकारी आयोजनों को समय की आवश्यकता बताया।

डॉ. जयकिशन सुथार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ट्रस्ट की ओर से इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर के दौरान विजय आचार्य, शिवदयाल सुथार, शिवजी कलाकार, श्याम सुंदर लदरेचा, परमेश्वर सुथार, ओमप्रकाश सुथार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अतिथियों एवं उपस्थित लोगों ने किशनी देवी पूनमचंद मेमोरियल ट्रस्ट की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य लगातार जारी रखने का आह्वान किया।