जिला कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों का किया स्वागत

प्रशासन

संगठन को और मजबूत बनाने का लिया संकल्प

बीकानेर // जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर नवदायित्वधारियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, आगामी गतिविधियों तथा जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर कांग्रेस देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन ने जिन साथियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं, वे पूरी निष्ठा, समर्पण और कर्मठता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा आमजन की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सियाग ने कहा कि कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन तभी मजबूत होता है, जब सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकजुट होकर टीम भावना के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी सोच को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान संगठन के विस्तार, आगामी अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और कार्यकर्ताओं ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।