राज्य सरकार के दो वर्षः रथों की रवानगी के साथ होगी जिला स्तरीय कार्यक्रमों की शुरूआत

प्रशासन

प्रभारी मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर दिखाएंगे हरी झंडी

बीकानेर // राज्य सरकार के वर्तमान कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर जिला स्तरीय कार्यक्रमों की शुरूआत शनिवार से होगी।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर प्रातः 11 बजे गंगाथिएटर के आगे से विकास रथों तथा परिवहन विभाग द्वारा तैयार सड़क सुरक्षा से संबंधित रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि ने बताया कि विकास रथ जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। इसका कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक रथ, संबंधित विधानसभा में प्रतिदिन पांच स्थानों पर कार्यक्रम करेगा।

उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्री परिवहन विभाग द्वारा निकाली जाने वाली सड़क सुरक्षा रैली को रवाना करेंगे। रैली में पचास-पचास ऑटो रिक्शा तथा दुपहिया वाहन चालक रहेंगे। इस दौरान 25 दिव्यांग वाहन चालकों को हेलमेट का वितरण भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभारी मंत्री सड़क सुरक्षा से संबंधित शपथ भी दिलाएंगे।

इस दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूल-काॅलेज विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि इससे जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।