


पहले ही प्रयास में एमबीबीएस और एमडी की थी पूरी, अब भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र अस्पताल, मुंबई में कंसल्टेंट एनेस्थीसियोलॉजिस्ट के रूप में मिली जिम्मेदारी
बीकानेर की प्रतिभावान बेटी डॉ. प्रियंका आचार्य (पुरोहित) का चयन भाभा परमाणु अनुसंधान केन्द्र (BARC) अस्पताल, मुंबई में वैज्ञानिक अधिकारी (कंसल्टेंट एनेस्थीसियोलॉजिस्ट) के पद पर हुआ है। परमाणु ऊर्जा विभाग, भारत सरकार के अधीन संचालित इस प्रतिष्ठित संस्थान में चयन के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बीकानेर का नाम भी गौरवान्वित किया है। बताया जा रहा है कि इस पद पर चयनित होने वाली वह बीकानेर की पहली महिला चिकित्सक हैं।
डॉ. प्रियंका ने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के प्रथम प्रयास में वर्ष 2013 में जोधपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री उत्कृष्ट अंकों के साथ प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2017 में उन्होंने बीकानेर मेडिकल कॉलेज से एनेस्थीसियोलॉजी में एमडी भी प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण की। पिछले कई वर्षों से वह मुंबई में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. प्रियंका प्रसिद्ध साहित्यकार लक्ष्मीनारायण रंगा की दोहिती हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बीकानेर के समाजसेवियों, साहित्यकारों, चिकित्सकों, रंगकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



