


शिव और मारकंडे प्रखंड के शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी जांच, परामर्श और दवाइयां; महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों ने उठाया लाभ
बीकानेर। विश्व हिंदू परिषद के युवा संगठन बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह के तहत रविवार को बीकानेर महानगर के शिव एवं मारकंडे प्रखंड में दो स्थानों पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाए गए। दोनों शिविरों में कुल 220 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविरों में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी अच्छी भागीदारी रही।
अंबेडकर बस्ती स्थित माताजी मंदिर परिसर में शिव प्रखंड के शिविर में 110 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यहां डॉ. उर्मिला जयपाल, डॉ. शिवानी कोहरी और डॉ. चंचल शर्मा ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। शिविर के संचालन में राम सेवा मंडल की टीम ने सहयोग किया। इस दौरान महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिकिशन व्यास, बजरंग दल महानगर संयोजक बजरंग तंवर, करण सोलंकी, मनोज मेघवाल और योगेश लोहिया सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं, प्रताप बस्ती स्थित रामदेवजी मंदिर परिसर में मारकंडे प्रखंड की ओर से आयोजित शिविर में भी 110 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। यहां डॉ. सुनील खत्री, डॉ. शुभम गोयल और नेत्र सहायक तपस्या गहलोत की टीम ने मरीजों की जांच कर परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया।
विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री विनोद सेन ने कहा कि सेवा कार्य संगठन की पहचान है और बजरंग दल अपने ध्येय “सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार” को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि सेवा सप्ताह के तहत आगे भी जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।
मारकंडे प्रखंड के शिविर में महानगर मंत्री राजेंद्र सोनी, महानगर सह मंत्री आनंद गुप्ता, धर्माचार्य संपर्क प्रमुख हरिकिशन व्यास तथा बजरंग दल जिला संयोजक बजरंग तंवर सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने सेवा सप्ताह के दौरान चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता जैसे कार्यक्रमों में समाज की अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया।



