युवा कवि रोशन बाफना को मिलेगा राजस्थानी भाषा का युवा सम्मान

साहित्य

ओम पुरोहित कागद की स्मृति में दिया जाता है पुरस्कार

बीकानेर // कागद फाउंडेशन द्वारा साहित्य के क्षेत्र में हर वर्ष दिए जाने वाले सम्मानों की घोषणा कर दी गई है।‌ वरिष्ठ साहित्यकार दिवंगत ओम पुरोहित ‘कागद’ की स्मृति में दिया जाने वाला युवा पुरस्कार इस वर्ष बीकानेर के युवा कवि-साहित्यकार रोशन बाफना को प्रदान किया जाएगा। कागद फाउंडेशन की बैठक में बाफना के नाम पर सहमति बनी। यह पुरस्कार राजस्थानी भाषा के साहित्य के लिए प्रदान किया जाता है। यह राजस्थानी भाषा का बेहद प्रतिष्ठित सम्मान है। यह सम्मान हर वर्ष पूरे देश में मात्र एक युवा साहित्यकार को दिया जाता है। रोशन बाफना को यह सम्मान उनकी कृति ‘इत्ती सी तो बात है’ के लिए प्रदान किया जाएगा। राजस्थानी भाषा की यह कृति आधुनिक कविताओं का संग्रह है। बाफना को इसी कृति पर डेह, नागौर में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में नारायण दास टोगसिया पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। बाफना हिंदी व राजस्थानी भाषा में गीत व कविताएं लिखते हैं।

कागद फाउंडेशन से मिली जानकारी के अनुसार बाफना को यह सम्मान 12 अगस्त को हनुमानगढ़ की एसकेडी यूनिवर्सिटी में होने वाले एक भव्य सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा। इस आयोजन में देशभर से साहित्य जगत की हस्तियां आएंगी। अनेक साहित्यकारों ने बाफना के नाम की घोषणा होने पर प्रसन्नता जताई है।