


बीकानेर // स्वदेशी के विचार को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई गति देने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच, जोधपुर प्रांत का दो दिवसीय प्रांत विचार वर्ग 1 और 2 अगस्त को बीकानेर में आयोजित होगा। गंगाशहर रोड स्थित अग्रवाल पंचायती भवन में होने वाले इस आयोजन से राष्ट्रव्यापी “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान का औपचारिक शंखनाद भी किया जाएगा। यह अभियान 1 से 20 अगस्त तक पूरे देश में डिजिटल माध्यम से संचालित होगा।
प्रांत विचार वर्ग में जोधपुर प्रांत के सभी 13 राजकीय जिलों से 150 से अधिक दायित्ववान कार्यकर्ता भाग लेंगे, जबकि 10 से अधिक विषय विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। आयोजन में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, स्वदेशी विचारधारा के विस्तार और आगामी कार्ययोजना पर व्यापक मंथन होगा।
स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक अजय पत्की ने बताया कि “मैं भी स्वदेशी समर्थक” अभियान पूरी तरह डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित रहेगा। अभियान के तहत क्यूआर कोड, सोशल मीडिया, ऑनलाइन पंजीकरण और डिजिटल जनसंपर्क के माध्यम से युवाओं, मातृशक्ति, व्यापारियों, उद्यमियों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जाएगा। अभियान से जुड़ने वाले प्रत्येक नागरिक को ‘स्वदेशी समर्थक’ का डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी केवल आर्थिक नीति नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का मजबूत आधार है। जब प्रत्येक नागरिक स्थानीय उत्पादों और भारतीय उद्यमों को प्राथमिकता देगा, तभी भारत आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकेगा। अभियान से लघु एवं कुटीर उद्योगों, किसानों, कारीगरों और भारतीय नवाचारों को भी नई ऊर्जा मिलेगी।
स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय कृषि प्रकोष्ठ के भगीरथ चौधरी ने बताया कि राजस्थान में यह अभियान स्वदेशी जागरण मंच और स्वावलंबी भारत अभियान के कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक मंडलों, महिला समूहों और प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर उन्हें डिजिटल माध्यम से अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिकाधिक संख्या में अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
प्रांत विचार विभाग प्रमुख अशोक जोशी ने बताया कि दो दिवसीय विचार वर्ग में संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक प्रशिक्षण और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा होगी। आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रांत संयोजक प्रमोद पालीवाल, प्रांत सह-संयोजक महेश श्रीमाली, प्रांत कोष प्रमुख परमेश अग्रवाल, प्रांत युवा आयाम प्रमुख रमेश सोनी, प्रांत पूर्णकालिक विकास खिलेरी, विभाग संयोजक श्रवण राईका तथा जिला संयोजक आदित्य बिश्नोई सहित प्रांत, विभाग और जिला स्तर की टोली सक्रिय रूप से जुटी हुई है।



