बीकानेर की भव्या कट्टा बनीं आर्ट ऑफ लिविंग की सबसे युवा टीचर

समाज

बीकानेर। शहर की युवा प्रतिभा भव्या कट्टा ने आध्यात्मिक एवं सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए आर्ट ऑफ लिविंग की सबसे युवा टीचर बनने का गौरव प्राप्त किया है। बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में 11 जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित 15 दिवसीय टीचर ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद उन्हें संस्था द्वारा आधिकारिक रूप से टीचर की जिम्मेदारी सौंपी गई।

भव्या की आध्यात्मिक यात्रा वर्ष 2016 में हैप्पीनेस प्रोग्राम से शुरू हुई। इस कोर्स ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। उनके व्यवहार में परिपक्वता आई, मानसिक शांति मिली और जीवन को नई दिशा प्राप्त हुई।

इसके बाद वर्ष 2020 में उन्होंने एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम किया। इस प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया तथा वे मानसिक रूप से पहले से अधिक सशक्त और संतुलित बनीं।

आध्यात्मिक साधना के साथ सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2022 में उन्होंने वॉलंटियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (VTP) पूरा किया और आर्ट ऑफ लिविंग की विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। VTP के बाद उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ शिक्षकों के साथ लगभग 12–15 हैप्पीनेस प्रोग्राम में असिस्ट किया। अपनी आध्यात्मिक उन्नति के लिए उन्होंने 7–8 बार एडवांस मेडिटेशन प्रोग्राम भी दोहराया। उनकी निरंतर साधना, सेवा और सत्संग को देखते हुए उन्हें टीचर ट्रेनिंग के लिए चयनित किया गया।

बेंगलुरु में आयोजित 15 दिवसीय कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण के दौरान भव्या ने सभी आवश्यक चरण सफलतापूर्वक पूरे किए और अब वे आर्ट ऑफ लिविंग की अधिकृत टीचर बन गई हैं। वे अब लोगों को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की कला सिखाने के साथ-साथ समाज में मानवीय मूल्यों, सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश भी देंगी। उनका पहला हैप्पीनेस प्रोग्राम 25 अगस्त से प्रारंभ होगा, जिसके माध्यम से वे प्रशिक्षक के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी का शुभारंभ करेंगी।

भव्या कट्टा की इस उपलब्धि से बीकानेर में खुशी और गर्व का माहौल है। परिजनों, मित्रों तथा आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता युवाओं के लिए यह संदेश है कि साधना, सेवा और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।