सवा तीन लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण के बाद पूर्णाहुति, चार घंटे चला महायज्ञ; बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी

धर्म-कर्म

बीकानेर। गोपेश्वर बस्ती स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर परिसर के शिव-शिवा मोदी भवन में सावन मास के धार्मिक अनुष्ठानों की पूर्णाहुति पर शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। करीब चार घंटे तक चले इस महायज्ञ में सात विद्वान आचार्यों ने विधि-विधान से आहुतियां दिलवाईं।

यज्ञ का शुभारंभ लोट्स डेयरी के एमडी अशोक मोदी एवं प्रवीण मोदी ने किया। उनके साथ किशनलाल मोदी, मोनिका मोदी, झंवरलाल खत्री, मूलचंद मोदी, अविनाश मोदी सहित अनेक श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। अनुष्ठान का संचालन भंवर महाराज सूरदासाणी, पंकज महाराज व्यास, प्रहलाद व्यास, मयंक महाराज सूरदासाणी सहित सात पंडितों ने किया।

हवन के बाद महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के क्षेत्रों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व शिव-शिवा मोदी भवन में राजस्थान के इतिहास में पहली बार बीकानेर में जिलैरी सहित सवा तीन लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया गया। इस ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति हवन-यज्ञ के साथ संपन्न हुई।