




राष्ट्रीय खेल दिवस पर निकली वॉकथॉन में 11 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का ‘बीकाणा गौरव अवॉर्ड’ से सम्मान
बीकानेर // राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को आयोजित ‘रन फॉर फिट बीकाणा–छठा संस्करण’ में खेल, फिटनेस और नशामुक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

‘संस्कारयुक्त, नशामुक्त बीकानेर’ के संकल्प के साथ डॉ. करणी सिंह स्टेडियम से निकली वॉकथॉन में हजारों खिलाड़ियों, युवाओं, विद्यार्थियों और शहरवासियों ने भाग लेकर स्वस्थ समाज का संदेश दिया।
एकलव्य फाउंडेशन एवं क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बाल खिलाड़ियों के आकर्षक खेल प्रदर्शन से हुआ। इसके बाद डॉ. करणी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वॉकथॉन को रवाना किया गया। जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा स्वयं खिलाड़ियों के साथ पैदल चले और उनका उत्साहवर्धन किया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने पूरे मार्ग में खेल, फिटनेस और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर निशांत जैन ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ते हैं तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। वहीं एसपी मृदुल कच्छावा ने कहा कि खेल और नशामुक्ति को जोड़ने वाले ऐसे अभियान समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।
समापन समारोह में एकलव्य फाउंडेशन की ओर से विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को ‘बीकाणा गौरव अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। फाउंडेशन अध्यक्ष एवं राजस्थान बास्केटबॉल टीम के पूर्व कप्तान दानवीर सिंह भाटी ने कहा कि यह आयोजन केवल वॉकथॉन नहीं, बल्कि स्वस्थ, संस्कारित और नशामुक्त समाज के निर्माण का जन-अभियान बन चुका है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपचंद सहरण, अर्जुन अवॉर्डी फुटबॉलर मगन सिंह राजवी, बॉर्डर होमगार्ड कमांडेंट अरुण सिंह भाटी सहित खेल, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



