50 जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण के लिए अहमदाबाद भेजा, ऑपरेशन से लेकर परिजन की यात्रा-रहने तक का पूरा खर्च फाउंडेशन उठाएगा

समाज

सी.एम. मूंधड़ा फाउंडेशन की पहल; अब तक 117 मरीजों का हो चुका है निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण, रवाना होते समय मरीजों ने कहा- यह सहयोग जीवनभर याद रहेगा

बीकानेर। सामाजिक सरोकारों के तहत सी.एम. मूंधड़ा फाउंडेशन ने शुक्रवार को 50 जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण के लिए अहमदाबाद स्थित के.डी. अस्पताल रवाना किया। बीकानेर रेलवे स्टेशन पर सूरत के भामाशाह किशनलाल अग्रवाल एवं मनीष पुरोहित नटसा ने हरी झंडी दिखाकर मरीजों को रवाना किया।

फाउंडेशन की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों का निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण कराया जा रहा है। इस सेवा के तहत मरीज के साथ एक परिजन की रेल यात्रा, अहमदाबाद में ठहरने, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का पूरा खर्च भी फाउंडेशन वहन करता है, जिससे मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

फाउंडेशन ने बताया कि इस जनसेवा अभियान के माध्यम से अब तक 117 मरीजों का सफल निशुल्क घुटना प्रत्यारोपण कराया जा चुका है। इससे ऐसे लोगों को नई जिंदगी मिली है, जो आर्थिक अभाव के कारण महंगे ऑपरेशन का खर्च वहन नहीं कर सकते थे।

अहमदाबाद रवाना होने से पहले कई मरीज भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि लंबे समय से घुटनों के दर्द के कारण चलना-फिरना मुश्किल हो गया था, लेकिन आर्थिक स्थिति ऑपरेशन कराने की अनुमति नहीं देती थी। फाउंडेशन ने निशुल्क उपचार की जिम्मेदारी लेकर उनकी बड़ी चिंता दूर कर दी। मरीजों ने कहा कि ऑपरेशन के साथ-साथ परिजन के रहने, खाने और यात्रा की निशुल्क व्यवस्था फाउंडेशन की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने भरोसा जताया कि स्वस्थ होकर लौटेंगे और इस सहयोग को जीवनभर याद रखेंगे।

इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने फाउंडेशन से जुड़े सभी भामाशाहों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संतोष आसोपा, पवन पचीसिया, फिजियोथेरेपिस्ट भवानी, राजेश आसोपा, ऋषिराज रामावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।