बीकानेर के रांका ट्रस्ट का पंजाब में सम्मान, राज्यपाल कटारिया ने महनोत को दिया परोपकार पुरस्कार

समाज

बीकानेर। बीकानेर के रामलाल सूरजदेवी रांका चैरिटेबल ट्रस्ट को सामाजिक सेवा कार्यों के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया द्वारा सम्मानित किया गया। चंडीगढ़ स्थित पंजाब लोक भवन में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर आयोजित समारोह में ट्रस्ट के प्रतिनिधि पवन महनोत एवं रमेश भाटी को राज्यपाल कटारिया ने परोपकार पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर घनश्याम जाजड़ा भी उपस्थित रहे।

पवन महनोत ने बताया कि ट्रस्ट के संरक्षक महावीर रांका के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, समाजसेवा, गौसेवा एवं जीव दया के क्षेत्र में लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं। ट्रस्ट द्वारा कोरोना काल में लाखों मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट, ऑक्सीजन सिलेंडर एवं जरूरतमंदों के लिए दवाइयों का वितरण किया गया तथा वैक्सीनेशन शिविर भी आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान प्रतिदिन हजारों लोगों को भोजन पैकेट एवं सूखा राशन वितरित किया गया। इसके साथ ही गोचर भूमि, ओरण एवं गौशालाओं में हरी सब्जियां और चारा भिजवाया गया। ट्रस्ट द्वारा ऑक्सीमीटर, थर्मल स्कैनर और स्टीम वेपोराइजर जैसे स्वास्थ्य उपकरण भी उपलब्ध करवाए गए।

ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण एवं सिलाई मशीनें प्रदान करने, पौधरोपण, मटकियों का वितरण, जल सेवा, गौसेवा तथा बालिका गृहों में सहयोग जैसे सेवा कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।