



बीकानेर। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय के विधि विभाग में संगोष्ठी एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता लेखक एवं लोक नीति विशेषज्ञ गजेंद्र सिंह ने महाराणा प्रताप के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने राष्ट्रहित और स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया। उनका जीवन आज के युवाओं के लिए राष्ट्रसेवा और आदर्श नेतृत्व की प्रेरणा है।
महानगर सहमंत्री योगेन्द्र सिंह सोलंकी ने एबीवीपी की कार्यपद्धति पर चर्चा करते हुए कहा कि परिषद सदैव सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है।
‘खेलो भारत’ के नगेंद्र प्रताप सिंह के समन्वय में संगोष्ठी के बाद विश्वविद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण एवं जीव मात्र के प्रति दया भाव रखने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर प्रांत सहमंत्री पूनम मेड़तिया, सहमंत्री जितेंद्र बीका, गौरव रामावत, बैरिसाल सिंह, हिमांशु चौधरी, लोकेश कच्छावा, विक्रम सिंह, डूंगर सिंह, अनुज बिश्नोई, पृथ्वीराज नायक, खुशवंत सिंह, सौम्या, अपूर्वा एवं प्रवेंद्र सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



