रॉयल टीचर और लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से शिक्षाविदों का सम्मान, बेस्ट स्कूल अवॉर्ड से उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्थाओं को किया सम्मानित

शिक्षा

नारी शक्ति संगठन के तत्वावधान
रोटरी क्लब और नरसी इंडस्ट्री के सहयोग से आयोजित हुआ शिक्षक सम्मान समारोह

बीकानेर // शिक्षा केवल किताबों और परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, रचनात्मकता, खेल प्रतिभा और व्यक्तित्व निर्माण की वह प्रक्रिया है, जो किसी भी समाज की आने वाली पीढ़ियों की दिशा तय करती है। बीकानेर की धरती पर शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों से उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों और संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह इसी गौरवशाली परंपरा का प्रतीक बना।

मौका था नारी शक्ति संगठन द्वारा जिला उद्योग संघ संभागर में रोटरी क्लब और नरसी इंडस्ट्री के सहयोग से आयोजित हुए शिक्षक सम्मान समारोह का। आयोजन में वरिष्ठ शिक्षकों को सम्मानित करने के दौरान माहौल काफी भावुक हो गया। पुरा सभागार शिक्षकों के सम्मान के दौरान बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा

कार्यक्रम के संयोजक रविंद्र हर्ष ने आयोजन पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के क्षेत्र में तीन पीढ़ियों की निरंतरता और योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बीकानेर ने ऐसे शिक्षकों को जन्म दिया है, जिन्होंने केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाया, बल्कि उनके भीतर प्रतिभा, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सरोकारों की भावना विकसित की।
कार्यक्रम के सहसंयोजक ज्योति प्रकाश रंगा ने संचालन करते हुए बताया कि कार्यक्रम में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से उन शिक्षाविदों को सम्मानित किया जा रहा है जिन्होंने अपने जीवन का लंबा समय शिक्षा को समर्पित करते हुए हजारों विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में योगदान दिया।

इनको मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से
प्रो. सुमेर चंद जैन, श्रीमती अलका डॉली पाठक, ओम जी सारस्वत, प्रो. शिशिर शर्मा, डॉ. उमा कांत गुप्त, प्रो. नरसिंग बिनानी, राम कुमार आचार्य, श्री ओम सिंह इन्दा एवं श्री नारायण व्यास को सम्मानित किया गया।

इन स्कूलों को मिला बेस्ट स्कूल अवार्ड

इसी क्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली संस्थाओं को बेस्ट स्कूल अवॉर्ड प्रदान किए गए। इनमें सेठ तोलाराम बाफना एकेडमी, गीता देवी बागड़ी उच्च माध्यमिक विद्यालय नापासर, पुण्यार्थम, बाल गोविंदम स्कूल तथा बेसिक इंग्लिश स्कूल शामिल रहे।

समारोह में तकनीकी विश्वविद्यालय बीकानेर के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग, बीकाजी के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपक अग्रवाल, जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पचीसिया, समाजसेवी राजेश चूरा, नारी शक्ति संगठन की अध्यक्ष श्रीमती मधु खत्री, रोटरी क्लब रॉयल्स बीकानेर के अध्यक्ष इंजीनियर विपिन लड्ढा, रोटरी क्लब नोखा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल तथा नरसी ग्रुप के प्रतिनिधि प्रेम कुलरिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कहा—शिक्षा में निवेश, भविष्य में निवेश

भामाशाह समाजसेवी नरसी कुलरिया ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसकी शिक्षा व्यवस्था से तय होती है। शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण शिल्पकार हैं। वे केवल विद्यार्थियों को पढ़ाते नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व को आकार देते हैं। ऐसे शिक्षकों और संस्थाओं का सम्मान वास्तव में पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है। तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थी को एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनाना है।

बीकाजी ग्रुप के एमडी दीपक अग्रवाल ने कहा कि किसी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता के साथ शिक्षक की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक जिस समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य के लिए कार्य करते हैं, उसका कोई आर्थिक मूल्यांकन नहीं किया जा सकता।
जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डीपी पचीसिया ने कहा कि उद्योग जगत को भी ऐसे विद्यार्थियों की आवश्यकता है, जिनमें शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच हो।
इंजीनियर विपिन लड्ढा ने कहा कि विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क विकसित करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अंत मे नारी शक्ति की अध्यक्ष श्रीमती मधु खत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत हुई है। आज शिक्षक केवल कक्षा में ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और संवेदनशीलता का निर्माण भी कर रहे हैं। उन्होंने सभी का आभार जताया।