बीकानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो, भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह

राजनीति

डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री, पूनरासर हनुमान मंदिर में धोक लगाकर खुले रथ में निकले; जगह-जगह पुष्पवर्षा, निगम प्रत्याशियों ने भी दिखाई ताकत

बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर में भव्य रोड शो कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से बीकानेर पहुंचे। इसके बावजूद रोड शो को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नगर निगम चुनाव के भाजपा प्रत्याशी रोड शो में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री का रोड शो निर्धारित गोकुल सर्किल के बजाय मोहता चौक स्थित पूनरासर हनुमान मंदिर से शुरू हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री बंद कार में गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, बारह गुवाड़ और हर्षों का चौक होते हुए मोहता चौक पहुंचे। यहां उन्होंने पूनरासर हनुमान मंदिर में धोक लगाई। इसके बाद खुले रथ में सवार होकर रोड शो की शुरुआत की।

रोड शो में केंद्रीय कानून मंत्री एवं बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी और भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़ सहित भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

गोकुल सर्किल से मोहता चौक तक स्वागत

रोड शो शुरू होने के साथ ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय आचार्य के नेतृत्व में गोकुल जोशी, श्याम सुंदर चौधरी व महेश व्यास सहित कार्यकर्ताओं की टीम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं मोहता चौक में कर्मचारी नेता एवं विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय सचिव भंवर पुरोहित के नेतृत्व में दर्शन आचार्य, दुर्गाशंकर आचार्य सहित टीम धरणीधर ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

रोड शो के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने घरों की छतों और मकानों से पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के रथ के आगे और पीछे बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता नजर आए। चुनावी माहौल के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

नाल एयरपोर्ट पर भी भाजपा नेताओं ने किया स्वागत

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा किशनगढ़ से उड़ान भरकर बीकानेर के नाल एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी, शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़, देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम सुंदर पचारिया, नगर निगम चुनाव संचालन समिति के संयोजक बनवारीलाल शर्मा, मीडिया प्रभारी मनीष सोनी, संपत पारीक, सत्यप्रकाश आचार्य सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री के रोड शो को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रोड शो के पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

नगर निगम चुनाव के बीच मुख्यमंत्री का यह रोड शो भाजपा के लिए शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और रास्तेभर हुए स्वागत से भाजपा ने चुनावी माहौल में अपनी ताकत दिखाने का प्रयास किया।