ओवर सिक्सटी क्रिकेट प्रीमियर कप-2026 का शुभारंभ, 60 पार के खिलाड़ियों के जोश को महापौर कल्ला ने किया सलाम

आसपास

महापौर अनिल कल्ला बोले—वरिष्ठ क्रिकेटरों का जुनून प्रेरणादायक, 26 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

बीकानेर // पॉलिश्ड बाउंड्री क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित ओवर सिक्सटी क्रिकेट प्रीमियर कप-2026 के द्वितीय संस्करण का गुरुवार को समारोहपूर्वक शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने 60 वर्ष से अधिक उम्र के खिलाड़ियों के जोश और जुनून की सराहना करते हुए कहा कि इस उम्र में भी क्रिकेट मैदान पर अपने हुनर का प्रदर्शन करना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विभिन्न राज्यों और विदेशों से आए वेटरन क्रिकेट खिलाड़ियों का स्वागत किया।

राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलगुरु डॉ. सुमंत व्यास ने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर भी वरिष्ठ खिलाड़ियों का अपने शौक को पूरा करने के लिए मैदान पर उतरना उनकी जिंदादिली और सकारात्मक सोच का प्रमाण है। बीएसएफ सेक्टर मुख्यालय, बीकानेर के उपमहानिरीक्षक अजय लूथरा ने कहा कि पिछले वर्ष शुरू हुआ यह आयोजन अनूठा है और वरिष्ठ खिलाड़ियों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता का संदेश पहुंचता है।

चार टीमें लेंगी हिस्सा

आयोजक संस्था पॉलिश्ड बाउंड्री क्रिकेट क्लब के निदेशक सुनील जोशी ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता 26 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें भारत के विभिन्न क्षेत्रों के साथ दुबई और ओमान से आए वेटरन क्रिकेटर हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में वेस्टर्न वॉरियर्स, महाराष्ट्रा वॉरियर्स, सेंट्रल सुपर स्ट्राइकर्स और पॉलिश्ड बाउंड्रीज इलेवन सहित चार टीमें भाग ले रही हैं। मैच रेलवे ग्राउंड और सादुल क्लब ग्राउंड पर आयोजित किए जा रहे हैं।

बीएसएफ के ऊंटों और आर्मी बैंड ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत बीएसएफ के सुसज्जित ऊंटों और आर्मी के बैगपाइपर बैंड के साथ किया गया। आयोजन का थीम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया तथा अतिथियों ने चारों टीमों के कप्तानों को इवेंट कैप भेंट की। इसके बाद शानदार मार्च पास्ट हुआ। अतिथियों ने सभी टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। महापौर अनिल कल्ला ने पहले मैच के लिए टॉस किया और प्रतीकात्मक रूप से गेंद खेलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

चार खिलाड़ियों को किया सम्मानित

समारोह में क्रिकेटर जुबैर अली खान और साइक्लिस्ट दयालाराम जाट को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। वहीं यशवंत दुदुस्कर और प्रदीप गोडबोले को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किए गए। एडीआरएम आर.एस. चौधरी और आयोजन संस्था से जुड़ी दिव्या सिरोही ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन संजय पुरोहित ने किया। उन्होंने बीकानेर के कला, साहित्य और खेल इतिहास का उल्लेख करते हुए शहर को खेलप्रेमियों की नगरी बताया। इस अवसर पर बैगपाइपर बैंड के सदस्यों और बीएसएफ जवानों का भी स्वागत किया गया। सुनील जोशी ने बताया कि आयोजन में जीवन रक्षा हॉस्पिटल, रियल एस्टेट कंपनी पैबल्स, दादा-पोता एंटरप्राइजेज और होटल कृष्णांगन का विशेष सहयोग रहा।