




अल्बर्ट हॉल के सामने छात्राओं ने पेड़ लगाने, स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण बचाने की अपील की; संजीवनी कला समारोह के तहत हुई प्रस्तुति
जयपुर // हरे-भरे और स्वच्छ जयपुर का संदेश लेकर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर की छात्राओं ने अल्बर्ट हॉल के सामने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। राजस्थान सरकार के कला, साहित्य एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित ‘संजीवनी कला समारोह’ के तहत ‘हरित क्रांति, स्वच्छ क्रांति’ विषय पर हुई इस प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं ने आमजन को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक में बंदर, मदारी, दुकानदार, विद्यार्थी, महिला सफाईकर्मी और आम नागरिक जैसे पात्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी का महत्व बताया गया। छात्राओं ने लोगों से अधिकाधिक पेड़ लगाने, अपने आसपास सफाई रखने और पर्यावरण को सुरक्षित बनाने की अपील की। प्रस्तुति के जरिए यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और हरा-भरा शहर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
नाट्य कला से जुड़े क्यूरियो ग्रुप के गगन मिश्रा ने छात्राओं को मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुति देने की विभिन्न विधाएं सिखाईं। जबकि नुक्कड़ नाटक का निर्देशन विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका पूनम भास्कर ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अध्यापिका
पूनम भास्कर ने कहा: “नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का अवसर मिला है। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता आज की महत्वपूर्ण जरूरतें हैं। हमारा प्रयास है कि छात्राएं अपने संदेश से आमजन को जागरूक करें और स्वयं भी इन आदतों को अपने जीवन में अपनाएं।”
निर्मला सिंह, प्रधानाचार्या ने कहा: “छात्राओं ने हरित क्रांति और स्वच्छ क्रांति का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। कला के माध्यम से सामाजिक जागरूकता पैदा करना सराहनीय पहल है। इस आयोजन में छात्राओं के प्रस्तुतिकरण के साथ क्यूरियो ग्रुप, ओरियन ग्रीन्स और संजीवनी कला समारोह की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं।”



