रामापीर सेवा समिति के सेवादार दियातरा के लिए रवाना, श्रद्धालुओं को मिलेगा राजस्थानी से लेकर दक्षिण भारतीय व्यंजनों तक का प्रसाद

धर्म-कर्म

बाबा रामदेवजी की जोत व ध्वजा के साथ हुआ सेवा दल का प्रस्थान, पुष्पवर्षा कर किया स्वागत; भोजन, चाय-नाश्ता व ठंडे जल की रहेगी निशुल्क व्यवस्था

बीकानेर। रामापीर सेवा समिति, त्यागी वाटिका, जेल वेल, बीकानेर की ओर से बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की सेवा हेतु सेवादारों का दल दियातरा के लिए रवाना हुआ। प्रस्थान से पूर्व गुरुवार सुबह 11 बजे श्रद्धा एवं भक्ति के माहौल में बाबा रामदेवजी की जोत प्रज्ज्वलित की गई तथा ध्वजा लहराकर सेवा दल को रवाना किया गया। इस दौरान मनीष पुरोहित नटसा ने सेवादारों का उत्साहवर्धन किया और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में बाबा रामदेवजी के जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने ‘खम्मा घणी म्हारे द्वारका रे नाथ ने’ तथा ‘ध्वजा बंध धारी ने खम्मा’ सहित विभिन्न भजनों का सामूहिक गायन कर बाबा की आराधना की।

समिति के व्यवस्थापक ऋषिराज शर्मा ने बताया कि दियातरा में बाबा रामदेवजी के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए राजस्थानी, गुजराती, पंजाबी और दक्षिण भारतीय व्यंजनों सहित विभिन्न प्रकार के भोजन की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा चाय-नाश्ता, ठंडा पेयजल और बीकानेरी जायकों की भी निशुल्क सेवा उपलब्ध रहेगी।

उन्होंने बताया कि यह सेवा 10 सितंबर से प्रभु इच्छा तक निरंतर जारी रहेगी। समिति पिछले कई वर्षों से बाबा रामदेवजी के प्रति आस्था और सेवा भावना के साथ दर्शनार्थियों की सेवा करती आ रही है।