


डॉ कल्ला, मेघवाल व सियाग ने जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर // नगर निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद कांग्रेस ने पुलिस और प्रशासन पर कांग्रेस व कांग्रेस समर्थित पार्षदों तथा उनके परिजनों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला और देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने राज्य निर्वाचन आयुक्त के नाम जिला कलेक्टर के जरिए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा सरकार पुलिस एवं प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर कांग्रेस तथा कांग्रेस समर्थित पार्षदों पर दबाव बना रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि निर्दलीय और कांग्रेस पार्षदों की हॉर्स ट्रेडिंग के प्रयास किए जा रहे हैं तथा पार्षदों और उनके परिजनों को प्रताड़ित कर दबाव में लेने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक चुनावी प्रक्रिया में अनुचित हस्तक्षेप बताया।
कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन आयोग से मांग की कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का अनुचित हस्तक्षेप तत्काल रोका जाए। पार्षदों एवं उनके परिजनों का कथित उत्पीड़न बंद कर भयमुक्त, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराया जाए।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकारें समय-समय पर बदलती रहती हैं, लेकिन शासन-प्रशासन संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह होता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कुछ सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सीआईडी के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने ऐसे अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग से एक परिपत्र जारी कर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर रोक लगाने तथा शिकायत मिलने पर संबंधित सरकारी एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल पद से हटाने अथवा अन्यत्र स्थानांतरित करने की कार्रवाई की मांग की है।



