


हाईवे पर दिनभर श्रद्धालुओं की रेलमपेल, पूनरासर में सभी धर्मशालाएँ हाउसफुल
बीकानेर // निकटवर्ती ग्राम पुनरासर में हनुमान जी का मेला शुरू हो गया है। विगत दो दिनों से बीकानेर से लाखो की संख्या में श्रद्धालु पैदल रवाना हुए। धीरे-धीरे श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए हैं। वहां पर तमाम धर्मशाला हाउसफुल हो गई है। आज भी दिन भर श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहा तथा श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर हनुमान जी महाराज के दर्शन किए।
उधर पूनरासर पारायण समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अखंड रामचरितमानस पाठ के क्रम में समिति के सदस्यों को वरिष्ठ मानस पाठिका श्रीमती सुशीला देवी ने लाल ध्वजा के साथ समिति के सदस्यों को पूनरासर के लिए रवाना किया।
समिति के सदस्य पूनरासर पहुंचने के बाद निज परिसर स्थित खेजड़ी मंदिर के आगे 61 वर्षों से चली आ रही अखंड रामचरितमानस पाठ की परंपरा के तहत पाठ का आयोजन शुरू किया। अखंड रामचरितमानस पाठ के शुभारंभ से पूर्व पंडित नवरत्न व्यास के सान्निध्य में श्री गणेश जी महाराज का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्रीराम परिवार की प्रतिमाओं एवं भक्त हनुमान जी का पूजन किया गया। जजमान पंडित ऋषि कुमार आचार्य ने सधर्मपत्नी भगवान श्रीराम की आरती की तथा श्रीराम का ध्यान करते हुए अखंड रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया।
ये मानस प्रेमी कर रहे हैं अखण्ड रामायण
समिति अध्यक्ष राज कुमार व्यास ने बताया कि पाठ का शुभारंभ वरिष्ठ मानस पाठियों के सान्निध्य में हुआ। इस अवसर पर राजेंद्र खत्री, भंवर सारस्वत, नारायण पुरोहित, सोमनाथ, गोवर्धन व्यास, भंवर पुरोहित, भंवरलाल ओझा, नरेश पुरोहित, जे.पी. चूरा सहित अनेक मानस पाठियों ने भाग लिया। महिला मानस पाठिकाओं में श्रीमती राजकुमारी सहित अन्य पाठिकाएं उपस्थित रहीं।



