



बीकानेर // जेन-ज़ी जहां अपने विचारों और नवाचारों से शैक्षणिक व्यवस्था में बदलाव की बयार बहा रही है, वहीं पुराने दौर की यादों को नए अंदाज में अपनाकर अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का प्रयास भी कर रही है। इसी भाव को केंद्र में रखते हुए श्री जैन गर्ल्स कॉलेज में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए ‘रेट्रो बॉलीवुड थीम’ पर रंगारंग फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुरूप संकाय सदस्यों के तिलक लगाकर स्वागत से हुआ। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना, डॉ. राजेंद्र जोशी, डॉ. पी.आर. तोषनीवाल एवं डॉ. पंकज दाधीच ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। श्री गणेश एवं सरस्वती वंदना तथा नवकार मंत्र के साथ कार्यक्रम ने आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण ग्रहण किया।
फ्रेशर्स पार्टी में नवप्रवेशित छात्राओं ने रैंप वॉक, नृत्य और गायन की शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रेट्रो बॉलीवुड थीम पर छात्राओं का अंदाज, परिधान और प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं प्रस्तुतियों के आधार पर बीए वर्ग में कोमल रामावत, कशिश सोनी एवं भूमिका दैया, बी.कॉम में अन्नपूर्णा पंचारिया, सुहानी सोनी एवं पूजा सोनी तथा बीसीए में वैशाली, अविका शर्मा एवं जाह्नविका को क्रमशः मिस फ्रेशर, मिस दीवा एवं मिस मिस्ट्री के खिताब से नवाजा गया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. पल्लवी चौहान एवं सुश्री रेणु शर्मा ने निभाई।
प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना ने नवप्रवेशित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है। पढ़ाई के साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता भी छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम का संचालन नंदिनी, एकता, नेतल एवं नेहा ने किया। छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और फ्रेशर्स पार्टी को यादगार बना दिया।



