1500 से अधिक खिलाड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

आसपास

70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का आगाज

17 व 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग में प्रदेशभर से पहुंचे खिलाड़ी

बीकानेर। डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में गुरुवार को 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के तहत जिम्नास्टिक के 17 और 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग का रंगारंग उद्घाटन हुआ। प्रदेशभर से आए 1600 से अधिक खिलाड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट कर प्रतियोगिता को औपचारिक सलामी दी। लेडी एल्गिन स्कूल की छात्राओं की कालबेलिया, भवई और कथक प्रस्तुतियों ने समारोह में राजस्थान की लोक एवं सांस्कृतिक विरासत के रंग बिखेरे।

मुख्य अतिथि श्री रविदास अंतरराष्ट्रीय पीठ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं भाजपा नेता रवि शेखर मेघवाल ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवा पीढ़ी मजबूत राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं को फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल मैदान से जुड़कर शारीरिक रूप से मजबूत बनने का आह्वान किया।

अध्यक्षता करते हुए शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता से बीकानेर में इस खेल का वातावरण तैयार होगा और अधिक छात्राएं जिम्नास्टिक से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगी। उप महापौर पंकज गहलोत ने बीकानेर की खेल परंपरा का उल्लेख करते हुए डॉ. करणी सिंह, मगन सिंह और राज्यवर्धन सिंह राठौड़ जैसे खिलाड़ियों का स्मरण किया। उन्होंने युवाओं से खेलों से जुड़कर स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

1600 खिलाड़ियों के लिए आवास-भोजन की व्यवस्था

आयोजक विद्यालय लेडी एल्गिन की प्रधानाचार्य मंजूलता ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि प्रदेशभर से आए 1600 से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए आवास और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा रामगोपाल शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता का परिचय एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।आध्यात्मिक गुरु संतोष आनंद महाराज ने विद्यार्थियों को खेलों से जुड़ने तथा मोबाइल और व्यसनों से दूर रहने का संदेश दिया।

1500 से अधिक खिलाड़ियों का मार्च पास्ट बना आकर्षण

उद्घाटन समारोह का मुख्य आकर्षण 1500 से अधिक खिलाड़ियों का शानदार मार्च पास्ट रहा। शारीरिक शिक्षक बद्री जाखड़ ने ड्रम के साथ मार्च पास्ट कराया, जबकि शारीरिक शिक्षक विनोद के निर्देशन में खिलाड़ियों ने अनुशासनबद्ध प्रस्तुति दी। लेडी एल्गिन स्कूल की छात्राओं ने कालबेलिया, भवई और कथक नृत्य प्रस्तुत किए। प्रभाग किराडू के निर्देशन में सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। अतिथियों ने गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
संयुक्त निदेशक अरुण शर्मा ने आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन उद्घोषक ज्योति प्रकाश रंगा और लेडी एल्गिन स्कूल की व्याख्याता नीतू शेखावत ने किया।

ये भी रहे मौजूद

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी अनिल बोड़ा, उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा मोहम्मद रफी चौहान, शिवराज सिंह भाटी, जिम्नास्टिक के पूर्व प्रशिक्षक प्रदीप सिंह, सुधा व्यास, हरि जाखड़, नारायणदास पनिया, गिरिराज उपाध्याय, प्रशिक्षक ललित सिंघानी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, निर्णायक एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।