करणी सिंह स्टेडियम में कल से सजेगा जिम्नास्टिक का मंच, 41 जिलों के 1600 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

आसपास

अंडर-17 व 19 छात्र-छात्रा वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का रंगारंग आगाज; मार्चपास्ट, कत्थक सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, तैयारियां पूरी

बीकानेर। शहर का डॉ. करणी सिंह स्टेडियम एक बार फिर राज्यभर के युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा का साक्षी बनेगा। 70वीं राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का शुभारंभ 1 अक्टूबर को सुबह 9 बजे होगा। प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-19 छात्र-छात्रा वर्ग के मुकाबले होंगे। आयोजन में राजस्थान के 41 जिलों से करीब 1600 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

प्रतियोगिता के संयोजन का दायित्व राजकीय लेडी एल्गिन बालिका सीनियर सेकेंडरी स्कूल को दिया गया है। स्कूल की प्रधानाचार्य लाजवंती ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि
श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ के राष्ट्रीय महामंत्री रवि शेखर मेघवाल होंगे। शिक्षा निदेशालय के अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डॉ. रामगोपाल शर्मा समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

मार्चपास्ट से होगा खिलाड़ियों का स्वागत

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का मार्चपास्ट आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी और कत्थक की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी जिम्नास्टिक में अपने कौशल, संतुलन और हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

अधिकांश खिलाड़ी पहुंचे बीकानेर

प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पूरी कर ली गई हैं। 41 जिलों से आने वाले अधिकांश खिलाड़ी बीकानेर पहुंच चुके हैं। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था विभिन्न स्थानों पर की गई है। उनके भोजन और पेयजल की समुचित व्यवस्था भी की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग की पूरी टीम तैनात की गई है तथा विभिन्न खेल प्रशिक्षकों और कोचों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

झंडों से सजा स्टेडियम, युद्धस्तर पर तैयारियां

प्रतियोगिता को लेकर डॉ. करणी सिंह स्टेडियम को विभिन्न रंगों के झंडों से सजाया गया है। मैदान से लेकर खिलाड़ियों के ठहराव और व्यवस्थाओं तक तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी की गई हैं। राज्य के 41 जिलों से पहुंचने वाले करीब 1600 खिलाड़ियों के बीच होने वाले मुकाबलों को लेकर खेलप्रेमियों में भी उत्साह है।