



बीकानेर । देवभूमि उत्तराखंड की पांच दिवसीय शैक्षणिक यात्रा पर गया श्री जैन गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का दल बुधवार को बीकानेर लौट आया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. संध्या सक्सेना सहित संकाय सदस्यों ने छात्राओं एवं दल के सदस्यों का स्वागत किया।
मीडिया प्रभारी विशाल सोलंकी ने बताया कि श्री अरुण सक्सेना,डॉ. लता व्यास एवं सुश्री रेणु शर्मा के नेतृत्व में गए दल में शामिल छात्राओं ने उत्तराखंड के विभिन्न पर्यटन एवं प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण किया। यात्रा से लौटने पर छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में सदैव चिरस्थायी रहेगी।
छात्राओं ने ऋषिकेश, देहरादून, मसूरी एवं धनोल्टी सहित आसपास के प्राकृतिक स्थलों की सुरम्य वादियों और मनोहारी दृश्यों का भरपूर आनंद लिया। छात्राओं ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और यात्रा के दौरान मिले अनुभवों ने उन्हें बेहद प्रभावित किया तथा वे भविष्य में भी कॉलेज के समूह के साथ ऐसी यात्राओं पर जाना चाहेंगी।
दल के नेतृत्वकर्ता अरुण सक्सेना ने बताया कि यात्रा बेहद शानदार, रोमांचक एवं आनंददायक रही। छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इस शैक्षणिक भ्रमण का आनंद लिया तथा विभिन्न स्थानों की भौगोलिक, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए साथी संकाय सदस्यों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।



