



नगर निगम के जरिए सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, उद्योग संगठनों ने खुद जिम्मेदारी लेने पर जताई सहमति; रीको मुख्यालय को भेजा संयुक्त प्रस्ताव
बीकानेर। रीको के अधीन संचालित औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बिगड़ रही सफाई व्यवस्था को लेकर उद्यमियों का असंतोष खुलकर सामने आया है। रीको क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नगर निगम के माध्यम से संचालित सफाई व्यवस्था को असंतोषजनक बताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
बैठक में रीको के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज बंसल की मौजूदगी में सभी उद्योग संघों ने सहमति जताई कि वे अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों में स्वयं सफाई व्यवस्था का संचालन करेंगे। इसके बदले रीको लिमिटेड संबंधित उद्योग संघों को सफाई कार्य पर होने वाले खर्च का नियमानुसार भुगतान करेगा। प्रतिनिधियों का मानना है कि इससे सफाई व्यवस्था नियमित, प्रभावी और जवाबदेह बन सकेगी।
बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने कहा कि स्वच्छ औद्योगिक क्षेत्र उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक हैं। वर्तमान सफाई व्यवस्था से उद्यमी संतुष्ट नहीं हैं, इसलिए उद्योग संघ जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं, बशर्ते रीको खर्च का भुगतान सुनिश्चित करे।
बीछवाल उद्योग संघ के अध्यक्ष विजय जोशी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी तय होने से नियमित निगरानी संभव होगी और उद्यमियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। वहीं करणी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सचिव विजय जैन ने कहा कि उद्योग संघों के माध्यम से सफाई कार्य कराने से व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और स्थायी समाधान की दिशा में कदम बढ़ेगा।
बैठक के बाद सभी औद्योगिक संगठनों की ओर से रीको लिमिटेड, जयपुर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को संयुक्त पत्र भेजकर उद्योग संघों को सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपने तथा खर्च का भुगतान रीको द्वारा किए जाने की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया।
बैठक में उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा, बीछवाल उद्योग संघ के सचिव किशोर पारीक, निर्मल पारख, रीको के सहायक प्रबंधक जय सहारण सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



