कचरा संग्रहण टेंडर में कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग, ACB स्पेशल यूनिट में शिकायत

क्राइम

बीकानेर। बीकानेर नगर निगम के कचरा संग्रहण एवं परिवहन ठेके में संभावित भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं एवं प्रशासनिक मिलीभगत की आशंका को लेकर डॉ. शरददत्त आचार्य ने आज भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) स्पेशल यूनिट बीकानेर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार को लिखित शिकायत सौंपकर स्वतंत्र जांच की मांग की।

शिकायत में निविदा की अनुमानित लागत, वास्तविक अनुबंध राशि, निविदा की शर्तों, तकनीकी एवं वित्तीय पात्रता, मूल्यांकन प्रक्रिया, L-1 निर्धारण एवं ठेका आवंटन की निष्पक्षता की जांच की मांग की गई है। साथ ही ठेकेदार कंपनी एवं संबंधित अधिकारियों के बीच संभावित मिलीभगत, हितों के टकराव, कार्य निष्पादन, भुगतान तथा प्रशासनिक निर्णयों की भी जांच कराने का आग्रह किया गया है।

शिकायत में 31 अक्टूबर को नगर निगम के कचरा संग्रहण टिपर से हुई दुर्घटना, जिसमें श्री केशवदत्त आचार्य गंभीर रूप से घायल हुए तथा 9 नवंबर को उनका निधन हो गया, के संदर्भ में ठेका कंपनी की वाहन संचालन व्यवस्था, चालक नियुक्ति, प्रशिक्षण, सुरक्षा एवं अनुबंध की शर्तों के पालन की जांच भी शामिल है। डॉ. आचार्य ने ACB से पूरे टेंडर एवं अनुबंध की स्वतंत्र जांच, मूल अभिलेख एवं डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की भी मांग की है।